योगेश्वर दत्त ने कहा कुश्ती विवाद से हुआ पहलवानों का नुकसान

पेरिस ओलम्पिक में भारतीय पहलवान जीतेंगे दो-तीन पदक
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
कुश्ती विवाद से पहलवानों का काफी नुकसान हुआ है। उन्हें अभ्यास के पर्याप्त मौके नहीं मिले यही वजह है कि पेरिस ओलम्पिक में हमारे पुरुष पहलवानों की संख्या सिर्फ एक है। भारतीय महिला पहलवानों ने पांच ओलम्पिक कोटे दिलाए हैं। मुझे उम्मीद है कि भारत के दो-तीन पहलवान पेरिस में मेडल जीत सकते हैं। यह कहना है ओलम्पिक पदकधारी पहलवान योगेश्वर दत्त का।
पेरिस ओलम्पिक की शुरुआत में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है। 26 जुलाई से 11 अगस्त के बीच इस टूर्नामेंट के मुकाबले खेले जाएंगे। भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) ने कुल 117 खिलाड़ियों का दल आगामी ओलम्पिक के लिए भेजा है। छह पहलवानों ने क्वालिफाई किया है, जिनमें पांच महिलाएं और एक पुरुष हैं। लंदन ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता योगेश्वर दत्त ने भारतीय पहलवानों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद जताई है। उनका मानना है कि आगामी टूर्नामेंट में भारत को कुश्ती में दो-तीन पदक मिल सकते हैं। इसके अलावा उन्होंने कुश्ती में चल रहे विवाद पर भी बात की।
ओलम्पिक पदक विजेता साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया के अलावा एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता विनेश फोगाट सहित देश के छह शीर्ष पहलवानों ने भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ लगातार विरोध प्रदर्शन किया जिसके कारण भारत में कुश्ती गतिविधियां करीब डेढ़ साल तक ठप रहीं। इसका खासा बुरा प्रभाव पड़ा और राष्ट्रीय शिविर और प्रतियोगिताएं स्थगित कर दी गईं। इससे पहलवान ओलम्पिक और ओलम्पिक क्वालिफिकेशन के लिए ढंग से तैयारी नहीं कर पाए।
योगेश्वर ने कहा, "पिछले डेढ़ से दो वर्षों में भारतीय कुश्ती में जो कुछ हुआ उससे मैं बहुत दुखी हूं। हमारा यह खेल वास्तव में बुरे दौर से गुजरा है जिससे इसकी प्रगति पर बुरा प्रभाव पड़ा और इस खेल को चाहने वालों के पास भी नकारात्मक संदेश गया।" इस दौरान योगेश्वर ने इस बात की निराशा भी जताई कि भारत के केवल छह पहलवान ही ओलम्पिक में जगह बना पाए। उन्होंने कहा, "एथेंस ओलम्पिक 2004 में फ्रीस्टाइल में छह पहलवानों ने जगह बनाई थी। इसके बाद तीन, चार या पांच पुरुष पहलवान ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करते रहे। यह निराशाजनक है कि इस बार केवल एक पुरुष पहलवान अमन सहरावत ही क्वालीफाई कर पाया। 
योगेश्वर दत्त ने महिला पहलवानों की ताऱीफ की और कहा कि हमारी पांच महिला पहलवान क्वालीफाई करने में सफल रहीं जो बहुत अच्छी बात है।" योगेश्वर ने उम्मीद जताई कि भारतीय पहलवान आगामी टूर्नामेंट में दो पदक जीत सकते हैं। उन्होंने कहा, "हमारी पांच लड़कियों ने क्वालीफाई किया है जो एक या दो पदक जीत सकती हैं। उनमें से कुछ बहुत अनुभवी भी हैं। चाहे वह अंतिम पंघाल (53 किलोग्राम) हो या कोई अन्य महिला पहलवान। हमें उम्मीद है कि हम दो पदक जीत सकते हैं।"

 

रिलेटेड पोस्ट्स