अभिनव बिंद्रा को मिलेगा ओलम्पिक ऑर्डर सम्मान

भारतीय निशानेबाज को लेकर आईओसी का बड़ा फैसला
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारतीय निशानेबाज अभिनव बिंद्रा को ओलम्पिक आंदोलन में उनकी उत्कृष्ट योगदान के लिए अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) द्वारा ओलम्पिक ऑर्डर से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार समारोह ओलम्पिक के समापन से एक दिन पहले 10 अगस्त को पेरिस में 142वें आईओसी सत्र के दौरान आयोजित किया जाएगा।
आईओसी अध्यक्ष थॉमस बाच ने बिंद्रा को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा, "मुझे आपको यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि आईओसी कार्यकारी बोर्ड ने ओलम्पिक आंदोलन में आपकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए आपको ओलम्पिक ऑर्डर से सम्मानित करने का फैसला किया है।" ओलम्पिक ऑर्डर आईओसी का सर्वोच्च पुरस्कार है, जो ओलम्पिक आंदोलन में विशिष्ट योगदान के लिए दिया जाता है। यह उस व्यक्ति को सम्मानित करने के लिए दिया जाता है जिसने अपने कार्यों के माध्यम से ओलम्पिक आदर्श को दर्शाया हो, खेल जगत में उल्लेखनीय योग्यता हासिल की हो, या ओलम्पिक के लिए अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि या खेल के विकास में अपने योगदान के माध्यम से उत्कृष्ट सेवाएं दी हों। इसके नामांकन ओलम्पिक ऑर्डर काउंसिल द्वारा प्रस्तावित किए जाते हैं और कार्यकारी बोर्ड द्वारा उन पर निर्णय लिया जाता है।
वहीं, खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने भी अभिनव बिंद्रा को ओलम्पिक ऑर्डर से सम्मानित किए जाने पर बधाई दी। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, "ओलम्पिक आंदोलन में उत्कृष्ट योगदान के लिए ओलम्पिक ऑर्डर से सम्मानित होने पर अभिनव बिंद्रा को बधाई! उनकी उपलब्धि हमें गर्व से भर देती है और वे वास्तव में इसके हकदार हैं। उनके नाम ने ही निशानेबाजों और ओलम्पियनों की कई पीढ़ियों को प्रेरित किया है।"
41 वर्षीय अभिनव बिंद्रा ने 2008 बीजिंग खेलों में पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल प्रतियोगिता जीतकर भारत के पहला व्यक्तिगत ओलम्पिक स्वर्ण पदक जीता था। वह 2010 से 2020 तक अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) की एथलीट समिति के सदस्य थे। 2014 से इसके अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे। वह 2018 से आईओसी एथलीट आयोग के सदस्य हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स