इस बार पैरालम्पिक में भारत का लक्ष्य 25 पारः देवेन्द्र झाझड़िया

भारतीय पैरालम्पिक समिति के अध्यक्ष ने कहा- अच्छी हुई तैयारी 
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारतीय पैरालम्पिक समिति के अध्यक्ष देवेन्द्र झाझड़िया ने शुक्रवार को भारतीय खिलाड़ियों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि इस बार पदक संख्या 25 पार जा सकती है। भारतीय पैरालम्पिक दल ने टोक्यो में इतिहास रचते हुए पांच स्वर्ण पदक समेत 19 पदक जीते थे।
झाझड़िया ने कहा, "मुझे लगता है कि पेरिस में हमारा प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ होगा। हमारा स्लोगन है अबकी बार 25 पार। मैं खिलाड़ियों के सम्पर्क में हूं और तैयारियां बहुत अच्छी चल रही हैं।" तीन बार के पैरालम्पिक पदक विजेता झाझडिया ने 2004 एथेंस ओलम्पिक और 2016 रियो ओलम्पिक में एफ 46 भालाफेंक में स्वर्ण पदक जीता था जबकि टोक्यो में उन्होंने रजत पदक जीता। अध्यक्ष झाझड़िया ने आगे कहा, "खिलाड़ी शारीरिक ही नहीं मानसिक रूप से भी सुपर फिट हैं। उन्हें टारगेट म्पोडियम योजना (टॉप्स ) से पूरी सुविधाएं मिल रही हैं। हम कोबे में विश्व चैम्पियनशिप में पांचवें स्थान पर रहे जो बड़ी बात है।" पेरिस पैरालम्पिक 28 अगस्त से शुरू होंगे।

 

रिलेटेड पोस्ट्स