दीपा मलिक दक्षिण एशिया की उप क्षेत्रीय प्रतिनिधि नियुक्त

एशियाई पैरालम्पिक समिति का बड़ा फैसला
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारत की पहली महिला पैरालम्पिक पदक विजेता दीपा मलिक को एशियाई पैरालम्पिक समिति (एपीसी) ने दक्षिण एशिया के लिए उप क्षेत्रीय प्रतिनिधि नियुक्त किया है। एपीसी की 34वीं कार्यकारी बोर्ड बैठक के दौरान यह फैसला लिया गया।  
दीपा तुरंत पद की जिम्मेदारी संभालेंगी। भारत की पूर्व पैरालम्पिक समिति प्रमुख की नियुक्ति से कार्यकारी बोर्ड में महिला प्रतिनिधियों की संख्या पांच हो गई है जो एपीसी के इतिहास में बोर्ड में महिलाओं का सबसे अधिक प्रतिनिधित्व है। एपीसी के अध्यक्ष माजिद रशीद ने कहा, "हमारे कार्यकारी बोर्ड की बैठकों में महिलाओं की संख्या में इजाफा होना सकारात्मक कदम है, विशेषकर जब डॉक्टर दीपा मलिक के अनुभव, कौशल और जानकारी रखने वाली कोई महिला इसमें शामिल हो।" दीपा की भूमिका में दक्षिण एशियाई देशों का प्रतिनिधित्व करना और इस क्षेत्र में पैरा खेलों के विकास और इन्हें प्रोमोट करने के लिए प्रयास करने होंगे। दीपा ने कहा, "दक्षिण एशिया का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए सम्मान की बात है और मेरे लिए शानदार मौका है।"

रिलेटेड पोस्ट्स