अपनी बात,
किस खेल में कितने भारतीय खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

पेरिस ओलम्पिकः एथलेटिक्स में सर्वाधिक भारतीय पेश करेंगे चुनौती
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। भारतीय खिलाड़ी 26 जुलाई से शुरू हो रहे पेरिस ओलम्पिक के लिए पूरी तरह तैयार हैं। भारत ने टोक्यो ओलम्पिक में एक स्वर्ण सहित कुल सात पदक जीते थे और अपने इतिहास का सबसे अच्छा प्रदर्शन किया था। भारत पेरिस खेलों में 118 खिलाड़ियों का दल भेज रहा है जिसमें से एथलेटिक्स से सबसे ज्यादा 30 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जबकि चार खेल ऐसे हैं जिनमें भारत की ओर से सिर्फ एक प्रतिभागी ही हिस्सा ले रहा है।
पेरिस में भारत भेजेगा 118 खिलाड़ियों का दल
पेरिस ओलम्पिक में 16 खेलों में 118 खिलाड़ियों का भारतीय दल शिरकत करने जा रहा है। भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) ने खेल मंत्रालय को इन खिलाड़ियों की सूची सौंप दी है। 118 के दल में हॉकी में तीन, टेबल टेनिस और एथलेटिक्स में दो-दो रिजर्व खिलाड़ी भी रखे गए हैं। ये सातों खिलाड़ी मुख्य दल का हिस्सा नहीं होंगे। हालांकि, टोक्यो ओलम्पिक के 124 के मुकाबले इस बार दल छोटा है। भारतीय दल में इस बार 70 पुरुष और 48 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। सबसे बड़ा दल एथलेटिक्स में 30 एथलीटों का होगा, इसके बाद शूटिंग (21) और हॉकी (19) का दल बड़ा है।
पेरिस खेलों में 22 राज्यों के भारतीय खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
पेरिस खेलों के लिए जाने वाले भारतीय दल में 22 राज्यों के खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें सबसे ज्यादा हरियाणा के हैं। इस राज्य के 26 खिलाड़ी पदक के लिए जोर लगाएंगे। इसके बाद पंजाब से 15, तमिलनाडु से 12, उत्तर प्रदेश से पांच, उत्तराखंड से चार, दिल्ली से चार, मध्य प्रदेश से तीन और चंडीगढ़ से दो खिलाड़ी दल में शामिल हैं। भारतीय दल में शामिल खिलाड़ियों की औसत आयु 25 वर्ष है, वहीं इसमें सबसे उम्रदराज खिलाड़ी टेनिस स्टार रोहन बोपन्ना हैं। तैराक दिनिधि सबसे कम उम्र की खिलाड़ी हैं जिनकी उम्र 14 साल है। हरियाणा समेत 10 राज्य ऐसे हैं, जिनके पुरुषों से ज्यादा महिला खिलाड़ी दल में शामिल हैं।
पेरिस ओलम्पिक में भारतीय दल
खेल खिलाड़ी
एथलेटिक्स 30
निशानेबाजी 21
हॉकी 19
बैडमिंटन 07
कुश्ती 06
टेबल टेनिस 08
मुक्केबाजी 06
तीरंदाजी 06
गोल्फ 04
टेनिस 03
सेलिंग 02
तैराकी 02
घुड़सवारी 01
भारोत्तोलन 01
रोइंग 01
जूडो 01