जीत के बाद भावुक हो गई टीम इंडिया

फूट-फूटकर रोए हार्दिक, सिराज के भी नहीं रूक रहे थे आंसू
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में हराया तो लगा खूब जश्न होगा। खिलाड़ी जीत मिलते ही मैदान पर भागने लगेंगे। लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। लगभग हर खिलाड़ी जहां था वहीं जमीन पर बैठ गया। क्योंकि आईसीसी ट्रॉफी का इंतजार काफी लम्बा था। आखिरी बार भारत ने 2013 में आईसीसी ट्रॉफी अपने नाम किया था। 2011 के बाद टीम वर्ल्ड चैम्पियन नहीं बनी तो 2007 में आखिरी बार टी20 वर्ल्ड कप को अपने नाम किया था।
मोहम्मद सिराज शुरुआती मैचों में भारत की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा थे। टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने के बाद उनकी आंखों में आंसू थे। चैम्पियन बनने के बाद दिनेश कार्तिक को दिए इंटरव्यू में सिराज ठीक से बोल भी नहीं पा रहे थे। 2024 में किसी भारतीय खिलाड़ी को सबसे ज्यादा हेट मिली है तो वह हार्दिक पंड्या है। गुजरात टाइटंस का साथ छोड़ने और मुंबई इंडियंस की कप्तानी मिलने की वजह से दोनों टीमों के फैंस ने हार्दिक को निशाना बनाया। जीत के बाद हार्दिक बच्चे की तरह रो रहे थे।
कप्तान रोहित शर्मा का यह आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच था। रोहित भी जीत के बाद काफी भावुक हो गए। जश्न मनाने की जगह वह अपनी फील्डिंग पोजीशन के पास ही लेट गए। सेलिब्रेशन के समय भी रोहित शांत ही दिखे। विराट कोहली को उनके एग्रेशन के लिए जाना जाता है। फाइनल जीतने के बाद उम्मीद थी कि विराट वैसे ही जश्न भी मनाएंगे। लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। विराट कोहली भी काफी भावुक हो गए। टीम इंडिया की झोली में 17 साल बाद टी20 वर्ल्ड कप का खिताब आया है। टीम ने इससे पहले 2014 में फाइनल खेला था। तब हार मिली थी। 2013 के बाद से भारत लगभग हर आईसीसी इवेंट के नॉकआउट में पहुंचा लेकिन एक बार भी टीम को जीत नहीं मिली थी।

रिलेटेड पोस्ट्स