महिला क्रिकेट में भारत ने ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड तोड़ा

भारतीय बेटियों ने टेस्ट क्रिकेट में बनाया सबसे बड़ा स्कोर
खेलपथ संवाद
चेन्नई।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शनिवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सबसे बड़ा टीम स्कोर खड़ा किया। चेन्नई के एकमात्र टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारतीय कप्तान हरमनप्रीत ने पहली पारी छह विकेट पर 603 रन बनाकर घोषित की। इसी के साथ भारत ने आस्ट्रेलिया के रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
दरअसल, महिला टेस्ट क्रिकेट में अब तक सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम दर्ज था। उसने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नौ विकेट पर 575 रन बनाए थे। आस्ट्रेलिया ने यह कारनामा इस साल पर्थ में किया था। ऋचा घोष (86 रन) के एनेरी डर्कसन के 109वें ओवर की शुरूआती गेंद पर चौका लगाते ही भारत ने नया रिकॉर्ड बना दिया। जेमिमा रोड्रिग्स (55 रन) के साथ कप्तान हरमनप्रीत कौर (69 रन) और ऋचा ने अर्धशतक बनाकर योगदान दिया। भारतीय महिला टीम ने पहले दिन चार विकेट पर 525 रन बनाये थे जो टेस्ट मैच में एक दिन का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी था। 
स्मृति मंधाना और शेफाली ने भी बनाए रिकॉर्ड
भारत की इस उपलब्धि में सबसे बड़ा योगदान सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा (205 रन) और स्मृति मंधाना (149 रन) ने दिया। दोनों के बीच 292 रनों की ऐतिहासिक साझेदारी हुई। महिला क्रिकेट में पहले विकेट के लिए यह सबसे बड़ी साझेदारी भी है।

रिलेटेड पोस्ट्स