दुबई में भारतीय होनहार एथलीटों ने लगाई पदकों की झड़ी

जूनियर एथलेटिक्स एशियाई अण्डर-20 चैम्पियनशिप 
खेलपथ संवाद
दुबई।
जूनियर एथलेटिक्स एशियाई अण्डर-20 चैम्पियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों ने अपना लोहा मनवाया है। खिलाड़ियों ने दुबई में आयोजित प्रतियोगिता में पदकों की झड़ी लगा दी और देश का नाम रोशन किया है। अब तक कई खिलाड़ियों के हिस्से गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल आ चुके हैं। प्रतिस्पर्धा अभी चल रही है ऐसे में और भी कई मेडल आने की सम्भावनाएं नजर आ रही हैं। 
उत्तर प्रदेश के दीपांशु शर्मा ने दुबई, संयुक्त अरब अमीरात में हो रही एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। उसी स्पर्धा में प्रतिस्पर्धा करते हुए, रोहन यादव ने रजत पदक जीता। दीपांशु ने 70.29 मीटर भाला फेंक कर स्वर्ण पदक जीता, जबकि उत्तर प्रदेश के ही रोहन ने 70.03 मीटर भाला फेंक करके अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रजत पदक जीता।
21वीं एशियाई अंडर 20 एथलेटिक्स चैम्पियनशिप का आयोजन दुबई में यूएई एथलेटिक्स फेडरेशन के सहयोग से एशियाई एथलेटिक्स एसोसिएशन द्वारा किया जा रहा है। एशियाई अण्डर-20 एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में भारत के 60 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं जिनमें 31 पुरुष और 29 महिलाएं शामिल हैं। 21वीं एशियाई अण्डर-20 एथलेटिक्स चैम्पियनशिप, विश्व अण्डर-20 एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2024 के लिए एक क्वालीफाइंग इवेंट भी है। 2024 विश्व अण्डर-20 एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 27 से 31 अगस्त 2024 तक पेरू की राजधानी लीमा में आयोजित की जाएगी।
भारत ने पिछले साल दक्षिण कोरिया के येचिओन में आयोजित 20वीं एशियाई अण्डर-20 एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में कुल 19 पदक जीते थे। भारत येचिओन संस्करण में पदक तालिका में जापान और चीन के बाद तीसरे स्थान पर रहा था। येचिओन में, 19 पदकों में सिद्धार्थ चौधरी (शॉट पुट), भरतप्रीत सिंह (डिस्कस थ्रो), सुनील कुमार (डेकाथलॉन), रेज़ोआना मलिक हीना (400 मीटर दौड़), लक्षिता सैंडिलिया (1500 मीटर दौड़) और महिलाओं की चार गुणा 400 मीटर रिले टीम द्वारा जीते गए छह स्वर्ण शामिल थे। 
21वीं एशियाई अण्डर-20 एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में भारत के लिए पहले दिन रितिक ने पहला पदक जीता था। उन्होंने पुरुषों की चक्का फेंक स्पर्धा में 53.01 मीटर चक्का फेंक कर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रजत पदक जीता। भाला फेंक स्पर्धा में दीपांशु ने स्वर्ण तथा रोहन यादव ने रजत पदक जीता। दिन का अंतिम पदक प्रियांशु ने जीता, जिन्होंने 1500 मीटर में रजत पदक जीता। स्वर्ण पदक कतर के एतौलगाज़ी ने जीता। चैम्पियनशिप के दूसरे दिन (25 अप्रैल 2024) आरती ने महिलाओं की 10,000 मीटर रेस वॉक में 47:45.33 मिनट के साथ कांस्य पदक जीता था। आरती ने विश्व अण्डर-20 एथलेटिक्स के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
तीसरे दिन के खेल में रिले रेस प्रतियोगिता में भारत के लिए पदक आया है। लक्षिता विनोद सैंडिलिया ने महिलाओं की 800 मीटर दौड़ और चार गुणा 400 मीटर मिक्स रिले टीम रेस में हिस्सा लेते हुए सिल्वर मेडल प्राप्त किए। इससे पूर्व दूसरे दिन के खेल में एकता प्रदीप डे ने महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपल चेज़ स्पर्धा में 10:31.92 मिनट का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता था। रणवीर सिंह ने पुरुषों के 3000 मीटर स्टीपल चेज में 9:22.67 मिनट का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता। अनुराग सिंह कलेर ने पुरुष शॉट पुट में 19.23 मीटर में गोल्ड मेडल हासिल किया है। वहीं सिद्धार्थ चौधरी ने पुरुष शॉट पुट में 1902 मीटर रेंज में कांस्य पदक प्राप्त किया।

रिलेटेड पोस्ट्स