एशियाई ओलम्पिक क्वालीफायर में छा गईं हरियाणा की पहलवान बेटियां

अंशु मलिक, विनेश फोगाट, रितिका ने हासिल किया ओलम्पिक कोटा
खेलपथ संवाद
बिश्केक।
भारत की स्टार महिला पहलवान विनेश फोगाट, अंशु मलिक और रितिका ने बिश्केक में जारी एशियाई ओलम्पिक क्वालीफायर में शानदार प्रदर्शन करते हुए इस साल होने वाले पेरिस ओलम्पिक का कोटा हासिल कर लिया है। अब तक चार महिला पहलवान पेरिस ओलम्पिक का टिकट कटा चुकी हैं और यह सभी हरियाणा की बेटियां हैं। अंतिम पंघाल पहले ही 53 किलो भार वर्ग में ओलम्पिक टिकट हासिल कर चुकी हैं।
एशियाई ओलम्पिक क्वालिफायर प्रतियोगिता के दूसरे दिन हरियाणा की बेटियों ने अपना परचम लहरा दिया। अंतरराष्ट्रीय पहलवान विनेश फोगाट, अंशु मलिक और फिर रितिका ने शानदार प्रदर्शन कर देश की झोली में ओलम्पिक के तीन कोटे डाल दिए वहीं प्रदेश की अंतिम पंघाल पहले ही देश को ओलम्पिक कोटा दिला चुकी हैं। बता दें कि किर्गिस्तान के बिश्केक में एशियाई ओलम्पिक क्वालीफायर कुश्ती प्रतियोगिता 19 से 21 अप्रैल तक आयोजित की जा रही है। पहले दिन फ्रीस्टाइल वर्ग में बेहतर प्रदर्शन नहीं रहने के बाद भारतीय महिला कुश्ती टीम पर शनिवार को काफी दबाव था। इसके बावजूद देश की स्टार पहलवान विनेश फोगाट ने शानदार प्रदर्शन कर 50 किलोग्राम वर्ग में बिना कोई अंक गंवाए फाइनल में पहुंचकर देश के लिए पेरिस ओलम्पिक का कोटा पक्का कर लिया। विनेश ने दस साल छोटी कजाकिस्तान की पहलवान लौरा गैनिकिजी को 10-0 से हराया। उसके बाद जींद की अंशु मलिक मैट पर उतरीं और उन्होंने भी 57 किलो में देश को ओलम्पिक का कोटा दिलाया। 
बाद में रोहतक की रितिका ने 76 किलोग्राम में शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-23 विश्व चैम्पियन रितिका ने पहला दौर तकनीकी आधार पर बेहतर प्रदर्शन कर जीता। उन्होंने युंजू हवांग को हराया। इसके बाद मंगोलिया की दावानासान एंख एमार को पटखनी दी। चीन की जुआंग वांग के खिलाफ उन्होंने 8-2 के स्कोर ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। सेमीफाइनल में चीनी ताइपे की हुई त्सज चांग को 7-0 से हराया और फाइनल में प्रवेश कर लिया।
विश्व चैम्पियनशिप 2021 की रजत पदक विजेता अंशु को क्वार्टर फाइनल में सीधे प्रवेश मिला जिसमें उन्होंने किर्गिस्तान की कलमीरा बिलिमबेकोवा को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हराया। वहीं, अंडर-23 विश्व चैम्पियन रितिका ने 76 किलोग्राम वर्ग में युंजू हवांग को हराया। पहला दौर उन्होंने तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर जीता। इसके बाद मंगोलिया की दावानासान एंख एमार को भी इसी तरह से मात दी। चीन की जुआंग वांग के खिलाफ आखिरी ग्रुप मुकाबले में उन्होंने 8-2 से जीत दर्ज की। मानसी अहलावत (62 किलोग्राम) भी अंतिम चार में पहुंच गईं। उन्होंने कजाखस्तान की इरिना कुजनेत्सोवा को 6-4 से हराया। 
भारत की चार महिला पहलवानों ने जहां सेमीफाइनल में जगह पक्की की वहीं एक अन्य पहलवान निशा दहिया (68 किलोग्राम) सेमीफाइनल में जगह बनाने से चूक गईं। उन्होंने पहले दौर में उत्तर कोरिया की सोल गुम पाक को 8-3 से हराया। लेकिन इसके बाद लय बरकरार नहीं रख सकीं और किर्गिस्तान की मीरिम जुमानाजारोवा से हार गईं। पेरिस ओलम्पिक का आखिरी विश्व क्वालीफायर तुर्किये में नौ मई से खेला जाएगा।

 

रिलेटेड पोस्ट्स