टी-20 में मुम्बई इंडियंस की 150वीं जीत

दिल्ली के खिलाफ जीत के साथ रचा इतिहास
खेलपथ संवाद
मुम्बई।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जीत के साथ मुम्बई इंडियंस ने आईपीएल के 17वें सीजन में अपनी जीत का खाता खोल लिया। रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में मुम्बई इंडियंस ने दमदार प्रदर्शन किया। टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 234 रन बनाए। इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स आठ विकेट गंवाकर सिर्फ 205 रन बना सकी। मुंबई ने 29 रन से जीत हासिल कर इतिहास रच दिया। 
एक वक्त मुंबई का स्कोर 17 ओवर में चार विकेट पर 167 रन था और ऐसा लग रहा था कि टीम 200-210 के स्कोर पर ही पहुंच पाएगी। हालांकि, डेथ ओवर में टिम डेविड (45 रन*) और रोमारियो शेफर्ड (39 रन*) की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत मुंबई इतने विशाल स्कोर तक पहुंच पाया। इन दोनों की बल्लेबाजी की बदौलत मुंबई ने आखिरी पांच ओवर में 96 रन बनाए। 
मुंबई इंडियंस की टीम ने रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ टी20 क्रिकेट की 150वीं जीत दर्ज की। अब तक कोई भी टीम दुनिया में ऐसा नहीं कर पाई है। इस लिस्ट में दूसरे नम्बर पर चेन्नई सुपर किंग्स है जिसने टी20 क्रिकेट में 148 मैच जीते हैं। वहीं, तीसरे स्थान पर भारतीय टीम 144 मैचों में जीत के साथ बनी है।
टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक मैच जीतने वाली टीमें
मुंबई इंडियंस- 150
चेन्नई सुपर किंग्स- 148
भारतीय टीम- 144
लंकाशायर- 143
नॉटिंघमशायर- 143
मुंबई ने 200+ स्कोर की लगाई झड़ी
यह आईपीएल में मुंबई का 24वां 200+ का स्कोर रहा। वह इस मामले में संयुक्त रूप से दूसरे नम्बर पर आ गया है। मुंबई के अलावा बेंगलुरु ने भी 24 बार ही आईपीएल में 200+ का स्कोर बनाया है। इस लिस्ट में शीर्ष पर चेन्नई सुपर किंग्स की टीम है। उसने 29 बार ऐसा किया है। वहीं, किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा बार 200+ के स्कोर के मामले में मुंबई ने बेंगलुरु की बराबरी की। आरसीबी ने जहां पंजाब किंग्स के खिलाफ छह बार ऐसा किया है, वहीं, मुंबई ने दिल्ली के खिलाफ आईपीएल में छह बार 200+ का स्कोर बनाया है। 
आईपीएल में सर्वाधिक 200+ का स्कोर
29 बार: चेन्नई सुपर किंग्स
24 बार: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
24 बार: मुंबई इंडियंस
22 बार: पंजाब किंग्स
21 बार: कोलकाता नाइट राइडर्स

 

रिलेटेड पोस्ट्स