वेटलिफ्टर बिंदिया रानी देवी ने जीता कांस्य पदक

ओलम्पिक क्वालिफायरः उठाया 196 किलो वजन
पेरिस ओलम्पिक का टिकट मिलना मुश्किल 
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाली वेटलिफ्टर बिंदिया रानी देवी ने ओलम्पिक क्वालिफायर विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीत लिया। उन्होंने मंगलवार को 55 किलो भार वर्ग में कुल 196 किलोग्राम वजन उठाकर पदक जीता। 
राष्ट्रमंडल खेलों के बाद से लगातार चोटिल चल रहीं बिंदिया भी मीराबाई के साथ सेंटलुई (अमेरिका) इलाज कराने गई थीं। वह भी मीरा की तरह पुनर्वास से गुजर कर यहां वापसी कर रही थीं। मणिपुर की लिफ्टर ने स्नैच में अच्छी शुरुआत नहीं की। उन्होंने यहां 83 किलो की सिर्फ एक लिफ्ट पास की। वह छठे स्थान पर थीं। क्लीन एंड जर्क में उन्होंने 113, 116 की लिफ्ट पास की। रजत जीतने के लिए उन्होंने 119 की लिफ्ट का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं रहीं। बिंदिया ने कांस्य जरूर जीता है, लेकिन उनका पेरिस ओलम्पिक का टिकट मुश्किल है। वह अगले माह जारी होने वाली ओलम्पिक क्वालिफिकेशन की रैंकिंग में नीचे हैं।

 

रिलेटेड पोस्ट्स