हरियाणा के होनहार मुक्केबाजों ने जीती राष्ट्रीय चैम्पियनशिप

सब जूनियर राष्ट्रीय मुक्केबाजी के बालक-बालिका वर्ग में जीते 19 पदक
खेलपथ संवाद
ग्रेटर नोएडा।
राष्ट्रीय सब जूनियर मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में हरियाणा के होनहारों (लड़कों और लड़कियों) ने कुल 19 पदक के साथ दोनों वर्गों की चैम्पियनशिप जीत ली। बालक वर्ग में उत्तराखंड तीन स्वर्ण और तीन रजत के साथ 34 अंक लेकर दूसरे स्थान पर रहा जबकि यूपी ने एक स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य पदक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
लड़कियों के वर्ग में मौजूदा चैम्पियन हरियाणा ने 64 अंक लेकर तालिका में शीर्ष पर रहते हुए अपने खिताब का बचाव किया। उसने सात स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक जीते। हरियाणा की सात में से छह मुक्केबाजों ने आसानी से 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से जीत हासिल की। दीया (61 किलोग्राम) ने दिल्ली की यशिका को 5-0 से हराया और ‘सर्वश्रेष्ठ मुक्केबाज’ चुनी गयीं। उनके अलावा बालिका वर्ग में भूमि (35 किलोग्राम), निश्चल शर्मा (37 किलोग्राम), राखी (43 किलोग्राम), नैतिक (52 किलोग्राम), नव्या (55 किलोग्राम) और सुखरीत (64 किलोग्राम) ने स्वर्ण पदक जीते। दिल्ली 34 अंक से दूसरे और महाराष्ट्र 31 अंक से तीसरे स्थान पर रहा। दिल्ली ने एक स्वर्ण, तीन रजत और चार कांस्य पदक जबकि महाराष्ट्र ने एक स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदक जीते। 
लड़कों के वर्ग में हरियाणा ने छह स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य से कुल नौ पदक जीते जिससे वह 62 अंक लेकर पहले स्थान पर रहा। उदय सिंह ने 37 किलोग्राम में तमिलनाडु के एस सुजीत को 5-0 से मात दी। नितिन (40 किलोग्राम), रवि सिहाग (49 किलोग्राम), लक्ष्य (52 किलोग्राम), नमन (58 किलोग्राम) और अनमोल दहिया (64 किलोग्राम) ने भी स्वर्ण पदक जीते। उत्तराखंड तीन स्वर्ण और तीन रजत से 34 अंक लेकर दूसरे स्थान पर रहा। यूपी ने एक स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य पदक से तीसरा स्थान हासिल किया।

 

रिलेटेड पोस्ट्स