पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में बना गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

भारत ने लिखी कबड्डी में 128 खिलाड़ियों की भागीदारी की नई पटकथा
खेलपथ संवाद
पंचकूला।
विश्व कबड्डी दिवस पर भारत ने 128 खिलाड़ियों की भागीदारी का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाकर एक नया इतिहास रचा। कबड्डी में यह नया अध्याय पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में लिखा गया। इस अवसर के साक्षी रहे मुख्य अतिथि हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय।  हिपसा की अध्यक्ष कांथी डी. सुरेश ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यह सभी के लिए गर्व का क्षण है।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास प्रात: 11 बजे गिनीज टीम के निर्णायकों की उपस्थिति में आरम्भ हुआ और तीन घंटे के लगातार खेल के बाद, दोपहर 2 बजे 128 खिलाड़ियों की भागीदारी के साथ पूरा हुआ। गिनीज निर्णायक स्वप्निल डांगरीकर ने इसकी घोषणा की। विश्व कबड्डी दिवस समारोह का लक्ष्य इस वर्ष एक अनोखा आयोजन करना था, जिसके तहत कबड्डी प्रदर्शनी मैच में सर्वाधिक खिलाड़ियोे का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया जा सके। गिनीज ने रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 84 खिलाड़ियों के लिए बेंचमार्क निर्धारित किया था, जबकि आयोजकों ने 154 खिलाड़ियों के साथ नया रिकॉर्ड बनाने की चुनौती दी थी। हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय को गिनीज टीम द्वारा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। इसके उपरांत राज्यपाल ने हॉलिस्टिक इंटरनेशनल प्रवासी स्पोर्ट्स एसोसिएशन की अध्यक्षा कांथी डी सुरेश और विश्व कबड्डी के अध्यक्ष अशोक दास को प्रतिष्ठित प्रमाण पत्र सौंपा। ताऊ देवीलाल स्टेडियम में उत्साह से भरी टीम अर्जुन और टीम अभिमन्यु ने संयुक्त रूप से इस विश्व रिकॉर्ड को तोड़ा। 
हर साल 24 मार्च को विश्व कबड्डी दिवस
विश्व कबड्डी दिवस वर्ष 2019 से हर साल 24 मार्च को मनाया जाता है। इस वर्ष विश्व कबड्डी दिवस भारत में मनाया गया और इसके लिए ताऊ देवी लाल स्टेडियम पंचकूला का चयन किया गया। हिपसा द्वारा विश्व कबड्डी के साथ मिलकर इस वर्ष का आयोजन संयुक्त रूप से किया गया। भारत और विशेष रूप से हरियाणा को इस आयोजन के लिए चुनने का एक मुख्य कारण विश्व स्तर पर कबड्डी को बढ़ावा देना था। 
कार्यक्रम में विश्व कबड्डी के विभिन्न सदस्य देशों से आये विदेशी प्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज की। इस कार्यक्रम में हरियाणा मानव संसाधन विभाग के प्रधान सचिव डॉ. डी सुरेश भी उपस्थित रहे। हिपसा की अध्यक्ष कांथी डी. सुरेश ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यह सभी के लिए गर्व का क्षण है। इस अवसर पर सचिव विश्व कबड्डी एसटी अरासू, उपायुक्त सुशील सारवान, पुलिस उपायुक्त हिमाद्रि कौशिक, एसडीएम गौरव चौहान, सीईओ जिला परिषद गगनदीप सिंह, नायब तहसीलदार हरदेव सिंह और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

रिलेटेड पोस्ट्स