हरियाणा के अब्दुल रहीम को के.डी. हॉस्पिटल में मिली नई जिन्दगी

कम खर्च में हुए उपचार से परिजन खुश, हॉस्पिटल प्रबंधन का माना आभार

मथुरा। जो काम हरियाणा के चिकित्सक नहीं कर सके उस मुश्किल काम को अंजाम दिया है के.डी. मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर के विशेषज्ञ शल्य चिकित्सकों ने। के.डी. हॉस्पिटल के शल्य चिकित्सकों ने एक मुश्किल सर्जरी द्वारा ग्राम पिचौर, थाना बिचौर, तहसील पुन्हाना, जिला नूंह मेवात (हरियाणा) निवासी वयोवृद्ध अब्दुल रहीम (80) को नई जिन्दगी दी है। सर्जरी के बाद वृद्ध अब्दुल रहीम पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर जा चुका है।

जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले असहनीय पेट दर्द के चलते अब्दुल रहीम को उसके परिजन के.डी. हॉस्पिटल लेकर आए। यह वृद्ध पेट पर बनाए रास्ते से मल त्याग रहा था तथा उसके पेट में असहनीय दर्द भी था। वृद्ध अब्दुल रहीम ही नहीं उसके परिजन भी जीने की आस छोड़ चुके थे क्योंकि उसका पिछला आपरेशन होने पर हरियाणा के चिकित्सकों ने आंत को काटकर पेट पर मलद्वार बना दिया था। परिजनों ने चिकित्सकों से पेट पर बनाए मलद्वार को बंद करने का आग्रह भी किया लेकिन उन्होंने मना कर दिया था। इस कारण निराशा में डूबे रोगी और उसके परिजन डॉ. श्याम बिहारी शर्मा एवं डॉ. रवि बघेल के सम्पर्क में आए और अपनी परेशानी तथा व्यथा बताई।

डॉ. रवि बघेल एवं अन्य चिकित्सकों ने मरीज की समस्त जांचों का अवलोकन करने के बाद सर्जरी करने का निर्णय लिया। परिजनों की स्वीकृति के बाद शल्य चिकित्सक डॉ. रवि बघेल और उनकी टीम ने सर्जरी की तथा आंतों को काटकर जोड़ा गया। डॉ. बघेल का कहना है कि चूंकि वृद्ध अब्दुल रहीम का पहला आपरेशन एक साल पहले हुआ था इसलिए उसकी आंतें आपस में चिपक चुकी थीं, सर्जरी बहुत मुश्किल थी। जरा सी असावधानी से उसकी जान जाने का खतरा था। इस आपरेशन में डॉ. रवि बघेल का सहयोग डॉ. श्रेयस बिंदल एवं अनीस ने किया।

डॉ. बघेल का कहना है कि वृद्ध अब्दुल रहीम अब पूरी तरह से ठीक है। सामान्य रूप से भोजन करने के साथ ही अब वह यथास्थान मल त्याग रहा है। अब्दुल रहीम और उसके परिजनों ने बहुत कम खर्च में हुई सफल सर्जरी के लिए के.डी. मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ तथा चिकित्सालय प्रबंधन का आभार माना है।

आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल, प्रबंध निदेशक मनोज अग्रवाल तथा डीन और प्राचार्य डॉ. आर.के. अशोका ने वृद्ध अब्दुल रहीम की सफल सर्जरी के लिए डॉ. रवि बघेल तथा उनकी टीम की सराहना करते हुए बधाई दी।

रिलेटेड पोस्ट्स