भारत 2036 ओलम्पिक की मेजबानी को तैयारः अनुराग ठाकुर

गुजरात में चार संभावित स्थलों की पहचान की गई 
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि भारत पूरी ताकत के साथ ओलम्पिक 2036 की मेजबानी के लिए दावेदारी पेश करेगा। उन्होंने कहा कि भारत ओलम्पिक खेलों को देश में लाने के लिए पूरी तरह से तैयार है। खेल मंत्री की टिप्पणी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ओलम्पिक खेलों के लिए बोली लगाने के सरकार के इरादों के संकेत के बाद आई है। पीएम मोदी ने पिछले साल मुंबई में अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) सत्र के दौरान अपनी राय रखी थी।
भारत ने पहले कभी भी ओलम्पिक खेलों की मेजबानी नहीं की है। गुजरात में चार सम्भावित स्थलों की पहचान की गई है। हालांकि, पीएम मोदी ने पिछले अक्टूबर में आईओसी सत्र में अपने सम्बोधन के दौरान किसी उम्मीदवार शहर का उल्लेख नहीं किया था। भारत ने पिछली बार 2010 में नई दिल्ली में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की थी। भारत ने 2017 में अंडर-17 फीफा विश्व कप की भी मेजबानी की, लेकिन ओलम्पिक खेलों जैसे आयोजन की मेजबानी के लिए कई हितधारकों के संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता होगी।
अनुराग ठाकुर ने कहा, "2036 ओलम्पिक के लिए भारत को तैयार रहने की जरूरत है। ओलम्पिक का आयोजन करना बहुत बड़ी बात होगी और भारत इसके लिए तैयार है। जब भी बोली प्रक्रिया शुरू होगी, भारत निश्चित रूप से पूरी ताकत के साथ बोली लगाएगा और भारत में ओलम्पिक का आयोजन करेगा।" खेल मंत्री ने यह भी कहा, ''प्रयास हमें करना चाहिए बेहतर सुविधाएं और संसाधन देने का और खिलाड़ियों को खेलने पर पूरी ताकत लगानी चाहिए।
टॉप्स योजना से खिलाड़ियों को बोर्डिंग, लॉजिंग, ट्रेनिंग और साथ में जेब खर्च के लिए छह लाख रुपये अलग से मिलता है। जो खेलों इंडिया एथलीट हैं उनको भी छह लाख 20 हजार रुपये अलग से मिलता है। इससे उनके परिवार को कोई खर्चा नहीं उठाना पड़े और खिलाड़ी आगे बढ़ें। इससे भारत के खिलाड़ियों ने देश और विदेशों में जाकर ट्रेनिंग ली। इसी से तो एशियन और पैरा एशियन गेम्स में भारत ने कुल मिलाकर 218 पदक जीते थे। मैं तो यही कहूंगा कि यह सिर्फ शुरुआत है। अभी हमें काफी आगे जाना है।''
अनुराग ठाकुर ने आगे कहा, ''2036 ओलम्पिक के आयोजन के लिए भी भारत को कमर कसनी है। हमने 44वें फिडे शतरंज ओलम्पियाड तो करवाया था लेकिन ओलम्पिक का आयोजन करना अपने आप में भव्य होगा। भारत इसके लिए तैयार है। जब भी बोली लगाई जाएगी भारत पूरी ताकत से बोली लगाएगा और ओलम्पिक का आयोजन भारत में करेगा।"
आईओसी सत्र में अपने भाषण के दौरान पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत 2029 में युवा ओलम्पिक की मेजबानी के लिए बोली लगाएगा। यह ओलम्पिक के लिए ड्रेस रिहर्सल का काम करेगा। पेरिस अगस्त में 2024 ओलम्पिक की मेजबानी करेगा। वहीं, लॉस एंजिल्स 2028 खेलों के लिए मेजबान शहर की बोली की दौड़ में आगे निकल गया। ब्रिसबेन को बिना किसी प्रतिद्वंद्वी बोली के 2032 में ओलम्पिक मेजबान के रूप में घोषित किया गया था। लॉस एंजिल्स और ब्रिसबेन दोनों को खेलों की तैयारी के लिए 11 साल का समय मिला है क्योंकि उनकी बोलियां क्रमशः 2017 और 2021 में पुष्टि की गई थीं।
कब होता है मेजबान का चयन?
ओलम्पिक बोली चुनने के लिए कोई निश्चित चुनाव चक्र नहीं है। यह अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति को प्रत्येक संभावित मेजबान की प्राकृतिक गति के अनुकूल होने, ओलम्पिक खेलों के लिए सही समय पर सही परियोजना और भागीदार लाने और ओलम्पिक आंदोलन के लिए रणनीतिक लाभ सुनिश्चित करने में सक्षम बनाता है। समय वैश्विक घटनाओं सहित कई कारकों पर निर्भर करता है।

रिलेटेड पोस्ट्स