पंजाबी खिलाड़ियों की बल्ले-बल्ले, हरमनप्रीत कौर बनीं डीएसपी

पंजाब के मुख्यमंत्री मान ने 10 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपे
खेलपथ संवाद
चण्डीगढ़।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने प्रदेश के 10 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपकर उनके जीवन को रोशन कर दिया है। क्रिकेटर और भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को डीएसपी बनाया गया है। इसी तरह अन्य खिलाड़ियों को भी सम्मानित पदों पर नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने चंडीगढ़ में अपने आवास पर प्रांतीय सिविल सेवा (पीसीएस) अधिकारी और डिप्टी एसपी के पदों के लिए राज्य के 10 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपे हैं। खिलाड़ियों को पंजाब में सरकारी नौकरी प्रदान की गई है। जिन 10 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र दिया गया उनमें हॉकी में टोक्यो ओलम्पिक खेलों की कांस्य पदक विजेता टीम के नौ खिलाड़ी और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर शामिल हैं। हरमनप्रीत कौर को डीएसपी के पद का नियुक्ति पत्र दिया गया।
भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी हरमनप्रीत सिंह, मनदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह, वरुण कुमार और शमशेर सिंह को भी डीएसपी नियुक्त किया गया वहीं हॉकी टीम के रुपिंदर पाल सिंह, सिमरनजीत सिंह, हार्दिक सिंह और गुरजंट सिंह को पीसीएस का पद दिया गया। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 41 साल के लम्बे अंतराल के बाद आखिरकार उलटफेर किया और पूरे देश में भारत का नाम रोशन किया। हॉकी टीम ने तीसरे स्थान के प्लेऑफ में जर्मनी को हराकर टोक्यो में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर आखिरकार ओलम्पिक पोडियम पर वापसी की। 1920 से 1980 के दशक तक विश्व हॉकी पर हावी रहने के बाद, इस अवधि में उन्होंने ओलम्पिक में आठ गोल्ड, एक रजत और दो कांस्य पदक जीते, अगले चार दशकों में भारतीय हॉकी की गिरावट हैरान करने वाली थी।
1980 के मॉस्को ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीतने के बाद यह खेलों में भारत का पहला पोडियम फिनिश था। वहीं, खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर ने पिछले साल राष्ट्रमंडल खेलों (2022) और हांग्जो में एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय टीम का नेतृत्व किया है। उनके नेतृत्व में भारत ने 2022 में सातवीं बार एशिया कप भी जीता। 296 अंतर्राष्ट्रीय खेलों में 6,745 रन और छह शतकों के साथ, वह अग्रणी बल्लेबाजों में से एक हैं।

रिलेटेड पोस्ट्स