अयोध्या में खिलाड़ियों की भी जयश्रीराम

प्राण प्रतिष्ठा के लिए सचिन तेंदुलकर, साइना नेहवाल, पीटी ऊषा अयोध्या पहुंचे
खेलपथ संवाद
अयोध्या।
अयोध्या में प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर  देशभर में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अयोध्या में रामलला के आगमन का इंतजार आज खत्म हो जाएगा। राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पूरी राम नगरी को आध्यात्मिक रंग देकर सजाया गया है। मंदिर परिसर की छटा देखते ही बनती है। इस समारोह में देश विदेश के कई सितारे शामिल होंगे। खेल जगत से भी कई सितारे इस कार्यक्रम में पहुंच चुके हैं और जयश्रीराम का उद्घोष कर रहे हैं।
दक्षिण अफ्रीकी स्पिनर केशव महाराज ने भी 'प्राण प्रतिष्ठा' समारोह से पहले दक्षिण अफ्रीका में रह रहे भारतीय समुदाय को शुभकामनाएं दीं हैं। महाराज ने कहा- सभी को नमस्ते। मैं दक्षिण अफ्रीका में अपने भारतीय समुदाय को अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन के लिए शुभकामनाएं देना चाहता हूं। महाराज ने कहा- सभी को उनकी जिंदगी में शांति, सद्भाव और आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त हो। जय श्री राम। महाराज ने कई बार प्रभु श्रीराम और हनुमान के लिए अपनी भक्ति जाहिर की है। वह समय समय पर भगवान राम को लेकर अपना प्रेम जाहिर करते रहे हैं। केशव महाराज जब भी मैदान पर आते हैं तो स्टेडियम में  'राम सिया राम जय जय राम' गाना बजने लगता है। इस विशेष गाने का अनुरोध खुद केशव डीजे से करते हैं। केशव ने बताया था कि वह भगवान राम और भगवान हनुमान के भक्त हैं। उन्होंने कहा था- राम मेरे लिए सबसे बड़ी ताकत हैं। उनसे मेरा आत्मविश्वास बढ़ता है।
'क्रिकेट के भगवान' कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर भी मुंबई से अयोध्या रवाना हो चुके हैं। उन्हें भी प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने का न्योता मिला था। सचिन को मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया। भारत की ओलम्पिक मेडलिस्ट बैडमिंटन प्लेयर साइना नेहवाल और भारतीय ओलम्पिक संघ की अध्यक्ष और पूर्व दिग्गज धाविका पीटी ऊषा भी अयोध्या पहुंच गई हैं। इस अवसर पर साइना ने कहा कि वह इस समारोह में शामिल होकर खुद को भाग्यशाली मान रही हैं। उन्होंने कहा- लम्बे समय का इंतजार खत्म हुआ। हम सभी मंदिर के द्वार खुलने का इंतजार कर रहे हैं। यहां आकर बहुत अच्छा लग रहा है। वहीं, पीटी ऊषा ने कहा- हमारे पूज्य भगवान राम की जन्मभूमि, पवित्र धरती पर आकर बहुत धन्य महसूस कर रही हूं। उनके सिद्धांत और नैतिकता हमें सही रास्ते पर ले जाते हैं और मैं प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होकर सम्मानित महसूस कर रही हूं।
भारोत्तोलक कर्णम मल्लेश्वरी, फुटबॉलर कल्याण चौबे, लंबी दूरी की धाविका कविता राउत तुंगर और पैरालंपिक भाला फेंक खिलाड़ी देवेंद्र झांजड़िया को निमंत्रण मिला है, साथ ही महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज, शटलर साइना नेहवाल और पीवी सिंधु को भी निमंत्रण मिला है। वहीं, अन्य खेलों से शतरंज के ग्रैंडमास्टर विश्वनाथन आनंद, महान एथलीट पीटी ऊषा और फुटबॉलर बाईचुंग भूटिया, धनुर्धर दीपिका कुमारी, पूर्व बैडमिंटन स्टार गोपीचंद उन प्रमुख खेल हस्तियों में शामिल हैं, जिन्हें राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है।
क्रिकेट जगत की इन हस्तियों को भी मिला न्योता
क्रिकेट जगत से  सचिन तेंदुलकर, सुनील गावस्कर, कपिल देव, सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली, महेंद्र सिंह धोनी, वीरेंद्र सहवाग विराट कोहली, हरभजन सिंह और रविचंद्रन अश्विन को भी निमंत्रण भेजा जा गया। इसके अलावा भारतीय क्रिकेट टीम के कोच राहुल द्रविड़ भी इस सूची में हैं। रवींद्र जडेजा और रोहित शर्मा को भी न्योता दिया गया है। पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद और पूर्व स्पिनर अनिल कुंबले इस समारोह में शामिल होने के लिए अयोध्या पहुंच चुके हैं। इनके अलावा भी कई खिलाड़ियों को इस समारोह में शामिल होने का न्योता मिला है। 

 

रिलेटेड पोस्ट्स