सोमवार को श्रीराम के जयघोष से गूंजेंगे आर.के. ग्रुप के शैक्षिक संस्थान

के.डी. मेडिकल कॉलेज में 108 सुन्दरकाण्ड पाठ के बाद होगा विशाल भण्डारा

मथुरा। अयोध्या धाम में 22 जनवरी को श्रीरामलला के नवीन विग्रह की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर हर तरफ भक्तिभाव और उल्लास का माहौल है। दुनिया भर के मंदिरों में जहां सोमवार को विशेष उत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं वहीं ब्रज मण्डल में शिक्षा का मंदिर बने आर.के. ग्रुप के विभिन्न शैक्षिक संस्थानों में भी सोमवार को श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर भक्तिभाव की बयार बहेगी। के.डी. मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर के श्रीअखिलेश्वर महादेव मंदिर में सुबह पूजा-अर्चना के बाद 108 सुन्दरकाण्ड पाठ होंगे तथा आरती के बाद विशाल भण्डारे में श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे।

इस पावन अवसर पर आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल का कहना है कि भगवान श्रीराम को सत्य, भगवान श्रीकृष्ण को प्रेम तथा शिवजी को दया और करुणा के रूप में सनातन समय से पूजा जा रहा है। प्रभु श्रीराम भगवान विष्णु के अवतार हैं लेकिन इनके त्रिगुण ब्रह्मा, विष्णु, महेश जो एक ही शक्ति के तीन रूप हैं, एक पारलौकिक शक्ति का आभास दिलाते हैं। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा का लम्बे समय से प्रतीक्षित सपना सच होना हर देशवासी के लिए अविस्मणीय पल है। श्रीराम मंदिर सनातन धर्म की शाश्वत प्रकृति का प्रतीक है। लगभग साढ़े पांच सौ वर्षों के बाद श्रीरामलला फिर से यथोचित मंदिर में विराजमान होंगे, इससे बड़ी खुशी भला और क्या हो सकती है।

डॉ. अग्रवाल ने आर.के. ग्रुप के सभी शैक्षिक संस्थान प्रमुखों से इस पावन उत्सव को अविस्मरणीय तरीके से मनाने का आह्वान किया है। प्रबंध निदेशक मनोज अग्रवाल ने इस पावन अवसर पर कहा कि श्रीराम परमात्मा के अवतारों में एक ऐसा अवतार हैं, जिन्होंने मर्यादा की शक्ति को कर्तव्य की धार पर सर्वोपरि बना दिया। अनगिनत कष्टों को भोगते हुए, वियोग के कष्टों में रहकर भी अपने चहुंओर सुख का प्रकाश जो फैलाए वही श्रीराम हैं। श्री अग्रवाल कहते हैं कि श्रीराम नाम की महिमा का व्याख्यान तो स्वयं त्रिदेव ब्रह्मा, विष्णु, महेश भी नहीं कर सके। श्रीराम नाम की शक्ति तो अनंत है जिसकी कोई सीमा नहीं हो सकती। 

सोमवार को के.डी. मेडिकल कॉलेज स्थित श्रीअखिलेश्वर महादेव मंदिर का नौवां प्रतिष्ठापन दिवस भी है। यहां सुबह से ही आचार्यों द्वारा पूजा-पाठ के बाद 108 सुन्दरकाण्ड पाठ किया जाएगा। 108 सुन्दरकाण्ड पाठ के समापन बाद आरती होगी, उसके बाद विशाल भण्डारे में श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे। शाम को कॉलेज परिसर दीपावली की तरह जगमगाएगा तथा श्रीराम के कृतित्व और व्यक्तित्व को लेकर कार्यक्रम होंगे। 22 जनवरी को के.डी. डेंटल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल, राजीव एकेडमी फॉर फार्मेसी, राजीव एकेडमी फॉर मैनेजमेंट में भी दिन में पूजा-पाठ तो रात को दीपावली जैसा उत्सव मनाने की तैयारियां की गई हैं। 

रिलेटेड पोस्ट्स