शिवा थापा, संजीत और पंघाल ने जीते स्वर्ण

राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैम्पियनशिपः सचिन और लक्ष्य के भी खिताबी पंच
खेलपथ संवाद
शिलांग।
विश्व चैम्पियनशिप और एशियाई खेलों में नहीं चुने गए विश्व चैम्पियनशिप (2019) के रजत पदक विजेता अमित पंघाल (51 किलोग्राम) ने राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में स्वर्ण जीतकर अपना दबदबा फिर बनाया है। उन्होंने चंडीगढ़ के अंशुल पूनिया को 5-0 से हराया। इसी तरह शिवा थापा, सचिन और लक्ष्य ने भी स्वर्णिम पंच लगाए।
अमित पंघाल की निगाह अब फरवरी में पेरिस ओलम्पिक के लिए होने वाले क्वालीफायर्स पर लगी है। इसके लिए उनकी दीपक भोरिया से होड़ होगी। इस साल विश्व चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाले दीपक ने राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में भाग लेने से छूट दी गई थी। छह बार के एशियाई चैम्पियनशिप के पदक विजेता अनुभवी शिव थापा (63.5 किलोग्राम) ने वंशज को सर्वसम्मत फैसले से हराया। इसके अलावा सचिन सिवाच (57 किलो भारवर्ग), लक्ष्य चाहर (80 किलो भारवर्ग), 2021 एशियाई चैम्पियन संजीत (92 किलोग्राम) ने भी खिताब जीते। सचिन सिवाच ने आरएसपीबी के सचिन को 5-0, चाहर ने हर्ष चौधरी और संजीत ने नवीन कुमार को पराजित किया। हालांकि राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता सागर अहलावत (प्लस 92 किलो) को पंजाब के जयपाल सिंह के हाथों हारकर निराशा का सामना करना पड़ा। जयपाल ने तीसरे दौर में नॉकआउट किया। 75 किलो भारवर्ग के फाइनल में दीपक ने इशमीत को मात दी। साठ किलो भारवर्ग में वरिंदर सिंह ने आकाश को हराया।

रिलेटेड पोस्ट्स