नीरज चोपड़ा का अगला लक्ष्य 90 मीटर भाला फेंकना

पेरिस ओलम्पिक से पहले तकनीक पर करेंगे सुधार
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
ओलम्पिक और विश्व चैम्पियन भालाफेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने मंगलवार को साफतौर पर कहा कि उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन अभी बाकी है। नीरज का मानना है कि वह अपनी तकनीक में सुधार करके अगले साल 90 मीटर की बाधा पार कर सकते हैं। इस साल विश्व चैम्पियन बने चोपड़ा ने टोक्यो ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने हाल ही में हांगझोऊ एशियाई खेलों में भी स्वर्ण पदक जीता।
नीरज ने एक कार्यक्रम में कहा, ''मैं साफतौर पर कहना चाहता हूं कि मेरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन अभी बाकी है। मुझे लम्बे समय तक किसी प्रतिस्पर्धा में यह महसूस नहीं हुआ कि यह मेरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है या उसके आसपास है। छह सेंटीमीटर हासिल किया जा सकता है। स्टॉकहोम डायमंड लीग (जून 2022) में 89.94 मीटर का थ्रो फेंका था। उस समय मैं एक लाइन पीछे था। अगर थोड़ा आगे बढ़कर थ्रो फेंकता तो 90 मीटर जाता।''
नीरज ने कहा, ''मेरे कोच का मानना है कि 60 प्रतिशत काम टांग का और बाकी ऊपरी शरीर का होता है। पैरों की भूमिका अहम है। मुझे इसमें सुधार करना होगा। लचीलेपन की कोई दिक्कत नहीं है। हाथ की रफ्तार अच्छी है। अगले साल अपनी तकनीक पर काम करूंगा। सब कुछ ठीक रहा और 100 प्रतिशत फिट रहा तो पेरिस ओलम्पिक में प्रदर्शन अच्छा रहेगा।''

रिलेटेड पोस्ट्स