प्रमुख सचिव खेल सुहास एलवाई ने जीता स्वर्ण पदक

पैरा एशियन गेम्सः पदकों के शतक से एक कदम दूर भारत
खेलपथ संवाद
हांगझोऊ।
पैरा एशियाई खेलों में उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव खेल सुहास एलवाई ने बैडमिंटन में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया। अब भारत पदकों के शतक से सिर्फ एक कदम दूर है। शुक्रवार को उसने सात स्वर्ण, छह रजत और चार कांस्य पदक जीतकर अपने पदकों की संख्या 99 पहुंचा दी। भारत के अब तक कुल 25 स्वर्ण, 29 रजत और 45 कांस्य पदक हो गए हैं। 
आज इन खेलों का अंतिम दिन है। भारतीय दल एक और पदक जीतकर अपने पदकों की संख्या 100 पहुंचा देगा। इससे पहले एशियाई खेलों में भी भारत ने पहली पदकों का शतक लगाया था। दोनों बाजुएं नहीं होकर भी (आर्मलेस) तीरंदाजी करने वाली जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ की शीतल देवी ने शुक्रवार को पैरा एशियाई खेलों में इतिहास रच दिया। उन्होंने न सिर्फ कंपाउंड ओपन वर्ग का स्वर्ण जीता बल्कि एक पैरा एशियाड में दो स्वर्ण जीतने वाली देश की पहली महिला पैरा खिलाड़ी बनीं। वहीं आईएएस अधिकारी सुहास एलवाई ने बैडमिंटन के एसएल-4 वर्ग में पैरा एशियाई खेलों का अपना पहला स्वर्ण पदक जीता। पांच साल पहले जकार्ता में उन्होंने कांस्य पदक जीता था। बैडमिंटन में ही शुक्रवार को गत विजेता प्रमोद भगत (एसएल-3), तुलसीमती मुरगेसन (एसयू-5) ने एकल में और नितेश कुमार-तरुण (एसएल-3, एसएल-4) ने युगल में स्वर्ण पदक जीते। एथलेटिक्स में रमन शर्मा ने 1500 मीटर टी-38 का और धर्मराज सोलाईराज ने टी-64 में लंबी कूद का स्वर्ण जीता।

 

रिलेटेड पोस्ट्स