दिसम्बर में दिल्ली में होगी खेल विज्ञान पर राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस

संदीप मान और राजीव तोमर ने किया कॉन्फ्रेंस की पत्रिका का लोकार्पण
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
खेल मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन संस्था फिजिकल एजूकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (पेफी) द्वारा खेल विज्ञान पर राष्ट्रीय स्तर की सातवीं कॉन्फ्रेंस का आयोजन 14-15 दिसम्बर को प्रगति मैदान, दिल्ली में स्पोर्ट्स इंडिया 2023 के साथ किया जा रहा है। कॉन्फ्रेंस की पत्रिका का लोकार्पण अर्जुन एवं द्रोणाचार्य अवार्डी संदीप मान और अर्जुन अवार्डी राजीव तोमर के हाथों से पेफी कार्यालय में हुआ।
कार्यक्रम के आयोजन सचिव डॉ. पीयूष जैन ने बताया की हर वर्ष की भांति पेफी द्वारा इस कॉन्फ्रेंस का आयोजन प्रगति मैदान में स्पोर्ट्स इंडिया 2023 के साथ मिलकर किया जा रहा है। इस कॉन्फ्रेंस में देशभर के खेल विज्ञानी देश में खेलों के विकास में विज्ञान के योगदान पर चर्चा करेंगे और नई-नई रिसर्च फाइंडिंग के बारे में खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों और शारीरिक शिक्षकों को जागृत करेंगे ताकि वे अपने खिलाड़ियों की परफॉरमेंस में सुधार कर उन्हें मेडल के लिए तैयार कर सकें। डॉ. जैन ने बताया की पूरे विश्व में खेल विज्ञान के क्षेत्र में क्रान्ति हुई है जिसका फायदा खिलाड़ियों को मिल रहा है। इसीलिए विकसित देश हमसे अधिक मेडल ला रहे हैं। अब हमारे देश में भी इस तरह की गतिविधियों की जरूरत है जिससे हमारे खिलाड़ी और अधिक मेडल ला सकें। 
अर्जुन एवं द्रोणाचार्य अवार्डी सुजीत मान और राजीव तोमर ने इस अवसर पर कहा कि खेल विज्ञान की खिलाड़ी की परफॉरमेंस बढ़ाने में अहम भूमिका होती है और हर खिलाड़ी के लिए यह एक महत्वपूर्ण विषय है जिसके द्वारा वह अपनी परफॉर्मेंस में निखार लाकर विश्व स्तर पर नाम कमा सकता है, मेडल ला सकता है और देश का नाम रोशन कर सकता है। मुझे ख़ुशी है की पेफी के द्वारा इस तरह की कॉन्फ्रेंस का आयोजन दिल्ली में किया जा रहा है।
ज्ञात हो कि विगत कुछ वर्षों में देश में खेल विज्ञान के क्षेत्र में खेल मंत्रालय द्वारा कई नए कदम उठाये गए हैं। देश भर में स्पोर्ट्स साइंस के नए-नए कोर्स चालू किए गए हैं और उनसे प्रशिक्षित विद्यार्थी साई और फेडरेशन से जुड़कर खिलाड़ियों के विकास में योगदान दे रहे हैं। डॉ. जैन ने देश भर के खेल विज्ञानियों, खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों और शारीरिक शिक्षकों से अधिक से अधिक संख्या में कॉन्फ्रेंस में भाग लेने की अपील की है। 

रिलेटेड पोस्ट्स