नीता अम्बानी ने क्रिकेट फैंस को दी बधाई

कहा- भारत में यह सिर्फ खेल नहीं बल्कि धर्म है
128 साल बाद ओलम्पिक में हुई क्रिकेट की वापसी
खेलपथ संवाद
मुम्बई।
अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति की सदस्य नीता अम्बानी ने कहा कि लॉस एंजिलिस 2028 के ओलम्पिक खेलों में क्रिकेट को शामिल किया जाना एक स्वागत योग्य कदम है। इस फैसले से दुनिया में ओलम्पिक आंदोलन को लेकर लिए नई रुचि और कई नए अवसर पैदा होंगे।
मुंबई में हुए 141वें आईओसी सत्र में क्रिकेट को आधिकारिक तौर पर ओलम्पिक खेल के रूप में शामिल किए जाने पर नीता अम्बानी ने कहा, "एक आईओसी सदस्य, एक गौरवान्वित भारतीय और एक क्रिकेट प्रशंसक के तौर पर मुझे खुशी है कि आईओसी सदस्यों ने, लॉस एंजिलिस ग्रीष्मकालीन ओलम्पिक 2028 में क्रिकेट को शामिल करने के लिए वोट किया।''
क्रिकेट सन् 1900 में ओलम्पिक में खेला गया था तब केवल दो टीमों ने भाग लिया था। नीता अम्बानी ने कहा, ''क्रिकेट विश्व स्तर पर सबसे अधिक पसंद किए जाने वाले खेलों में से एक है और दूसरा सबसे ज्यादा देखा जाने वाला खेल है। 1.4 अरब भारतीयों के लिए, क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं है, एक धर्म है।''
इतिहास में ऐसा दूसरी बार है जब आईओसी सत्र भारत में आयोजित किया गया है। 40 साल बाद इसकी देश में वापसी हुई है। क्रिकेट को ओलम्पिक में शामिल करने का ऐतिहासिक निर्णय, भारत में लिया गया है। नीता अम्बानी ने कहा, "मुझे खुशी है कि यह ऐतिहासिक प्रस्ताव हमारे देश में, मुंबई में हो रहे 141वें आईओसी सत्र में पारित किया गया।"
नीता अम्बानी ने उम्मीद जताई कि इस घोषणा से दुनिया भर में खेलों की लोकप्रियता काफी बढ़ जाएगी। उन्होंने कहा- ओलम्पिक में क्रिकेट को शामिल करने से नए भौगोलिक क्षेत्रों में ओलम्पिक आंदोलन को लेकर गहरा जुड़ाव पैदा होगा और साथ ही क्रिकेट की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय लोकप्रियता को भी बढ़ावा मिलेगा। आईओसी सदस्य बनने वाली पहली भारतीय महिला नीता अम्बानी ने इस दिन को भारत के लिए बहुत खुशी का दिन बताया। उन्होंने कहा- मैं इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए आईओसी और लॉस एंजिलिस आयोजन समिति को धन्यवाद और बधाई देती हूं। यह सचमुच बहुत खुशी और उल्लास का दिन है।

रिलेटेड पोस्ट्स