अब ओलम्पिक की मेजबानी का दावा करे भारत: पीटी ऊषा

एशियाई खेलों का समापन, भारत ने लगाया पदकों का सैकड़ा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बोले-यह ऐतिहासिक उपलब्धि
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
हांगझोउ एशियाई खेलों में रिकॉर्ड पदक जीतने से उत्साहित भारतीय ओलम्पिक संघ की अध्यक्ष पीटी ऊषा ने रविवार को कहा कि अब भारत को 2036 ओलम्पिक की मेजबानी का दावा करना चाहिए। भारत ने एशियाई खेलों में 28 स्वर्ण समेत 107 पदक जीते। पिछली बार भारत ने 70 पदक जीते थे। 
ऊषा ने कहा, ‘हांगझोउ एशियाई खेलों में रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन के बाद अगर हमारे देश के खिलाड़ी, कोच और राष्ट्रीय महासंघ कड़ी मेहनत करें तो हम पेरिस ओलम्पिक में दोहरे अंक में पदक जीत सकते हैं।’ उन्होंने कहा, ‘सरकार भारतीय खेलों और खिलाड़ियों की बेहतरी के लिये हरसंभव प्रयास कर रही है। हमारे प्रधानमंत्री देश के खेलों में काफी रुचि लेते हैं।’ 
खबरों के मुताबिक सरकार 15 से 17 अक्टूबर तक मुंबई में होने वाले अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति के सत्र के दौरान 2036 ओलम्पिक की मेजबानी में रुचि जता सकती है। आईओसी के हालिया सुधारों के बाद अब ओलम्पिक की मेजबानी के इच्छुक देश अपना प्रस्ताव रखेंगे और आईओसी भावी मेजबान आयोग कार्यकारी बोर्ड के सामने अपनी अनुशंसा रखेगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एशियाई खेलों में भारतीय एथलीटों के 107 पदक जीतने को ‘ऐतिहासिक उपलब्धि’ बताया और कहा कि खिलाड़ियों के अटूट संकल्प तथा कड़ी मेहनत ने देश को गौरवान्वित किया है। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘पूरा देश इस बात से बेहद खुश है कि हमारे अद्भुत खिलाड़ी अब तक के सर्वाधिक 107 पदक लेकर आए हैं, जो पिछले 60 साल में सबसे अच्छा प्रदर्शन है।’

रिलेटेड पोस्ट्स