तीरंदाजी में ओजस और ज्योति ने लगाई स्वर्णिम हैट्रिक

अभिषेक वर्मा को रजत और 17 वर्षीय अदिति को मिला कांस्य
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
कंपाउंड तीरंदाज ओजस देवताले और ज्योति सुरेखा ने शनिवार को एशियाड में स्वर्ण पदकों की हैट्रिक लगा दी। ओजस ने एकल के फाइनल में अपने सीनियर अभिषेक वर्मा को 149-147 अंकों के अंतर से पराजित किया, जबकि ज्योति ने महिलाओं के फाइनल में कोरिया की सो चेईवान को 149-145 से पराजित किया। विश्व चैम्पियन अदिति स्वामी ने रातिह जिलीजाती को 146-140 से हराकर महिला एकल का कांस्य जीता।
तीरंदाजों ने इस एशियाड में 5 स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य समेत कुल नौ पदक जीते। यह भारत का एशियाई खेलों में यह तीरंदाजी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इंचियोन एशियाड में व्यक्तिगत रजत जीतने वाले अभिषेक दूसरे सेट में 8 पर निशाना लगा दिया, जो उन्हें भारी पड़ गया। ओजस इस पूरे टूर्नामेंट में जबरदस्त फॉर्म में रहे हैं, जिसके बलबूते उन्होंने अपने आदर्श को हराकर स्वर्ण जीता। ज्योति को अब तक विश्वास नहीं हो रहा है कि उन्होंने एक एशियाड में तीन स्वर्ण जीत लिए हैं। ज्योति और ओजस ने इससे पहले टीम और मिश्रित स्पर्धा के स्वर्ण भी जीते थे। इन दोनों ने इस एशियाड में देश के लिए सर्वाधिक तीन स्वर्ण पदक जीते।

रिलेटेड पोस्ट्स