तीरंदाजी में ज्योति-ओजस ने स्वर्ण जीत भारत को पहुंचाया 70 के पार

एथलेटिक्स में मंजूरानी और रामबाबू को कांस्य मिला
खेलपथ संवाद
हांगझोऊ।
चीन में चल रहे 19वें एशियाई खेलों में तीरंदाज ज्योति और ओजस की जोड़ी ने स्वर्णिम सफलता हासिल कर भारत के पदकों की संख्या 71 पहुंचा दी। इससे पहले उत्तर प्रदेश के सोनभद्र निवासी रामबाबू और मंजूरानी ने 35 किलोमीटर पैदल चाल के मिश्रित वर्ग में कांस्य पदक जीतकर भारत के सर्वश्रेष्ठ पदकों (70) की बराबरी दिलाई थी।
बुधवार को भारत का पहला पदक एथलेटिक्स में मिला है। मंजूरानी और रामबाबू की जोड़ी ने मिश्रित 35 किलोमीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता है। चीन को स्वर्ण और जापान को रजत पदक मिला है। इस पदक के साथ भारत के कुल पदकों की संख्या 70 हो गई और भारत ने एशियाई खेलों में अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बराबरी कर ली। 2018 में भारत ने 16 स्वर्ण सहित 70 पदक जीते थे। इस बार भी भारत की झोली में 16 स्वर्ण सहित 71 पदक आ चुके हैं। ऐसे में पूरी उम्मीद है कि इस बार भारत को 100 पदक मिल सकते हैं।
रामबाबू और मंजूरानी के कांस्य पदक के बाद तीरंदाजी में ओजस देवताले और ज्योति वेन्नम ने कम्पाउंड मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर भारत के पदकों की संख्या 71 पहुंचा दी। यह भारत का एशियाई खेलों में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। भारतीय जोड़ी ने दक्षिण कोरिया की टीम को मात दी और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने दक्षिण कोरिया को 159-158 से हराया।
एशियाई खेलों का आज 11वां दिन है। इस प्रतियोगिता में भारत को पहले दिन पांच, दूसरे दिन छह, तीसरे दिन तीन, चौथे दिन आठ, पांचवें दिन तीन, छठे दिन आठ, सातवें दिन पांच, आठवें दिन 15, नौवें दिन सात और दसवें दिन नौ पदक मिले थे। आज भी भारत को 10 के करीब पदक मिल सकते हैं और पदक तालिका में भारत के कुल पदकों की संख्या 80 तक पहुंच सकती है।

रिलेटेड पोस्ट्स