घुड़सवारी टीम ने 41 साल बाद जीता स्वर्ण

भारत की झोली में कुल 14 पदक
खेलपथ संवाद
हांगझोऊ।
चीन में हो रहे 19वें एशियाई खेलों के तीसरे दिन भारतीय घुड़सवारी टीम ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्णिम सफलता हासिल की। हृदय छेदा, दिव्यकृति सिंह, अनुष अग्रवाल और सुदीप्ति हजेला की भारतीय मिश्रित टीम ने घुड़सवारी में भारत को स्वर्ण पदक दिलाया। भारत को 41 साल बाद घुड़सवारी ड्रेसेज में स्वर्ण पदक मिला है। हृदय छेदा, दिव्यकृति सिंह, अनुष अग्रवाल और सुदीप्ति हजेला की भारतीय मिश्रित टीम ने कमाल कर दिया। चारों ने मिलकर घुड़सवारी में भारत को स्वर्ण पदक दिलाया। 
सफलता की इसी कड़ी में इबाद अली ने नौकायन में कांस्य पदक जीता है। इबाद अली पुरुषों की विंडसर्फर आरएस एक्स स्पर्धा में 52 के नेट स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहे। थाईलैंड के नत्थाफोंग फोनोपराट ने 29 के साथ रजत और दक्षिण कोरिया के चो वोनवू ने 13 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता।
इसी प्रकार 17 वर्षीय नाविक नेहा ठाकुर ने लड़कियों की डिंगी ILCA4 स्पर्धा में 11 रेसों में कुल 27 अंकों के साथ रजत पदक जीता। थाईलैंड की नोपासोर्न खुनबूनजान ने 16 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता जबकि सिंगापुर की केइरा मैरी कार्लाइल ने 28 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता। 
शूटिंग में और पदकों की उम्मीद
25 मीटर पिस्टल महिला क्वालीफिकेशन में शानदार शुरुआत के बाद मनु भाकर 294 के स्कोर के साथ तालिका में शीर्ष पर हैं। ईशा सिंह 292 के साथ तीसरे और रिदम सांगवान 290 के साथ 11वें स्थान पर हैं। हालांकि, रैपिड राउंड के बाद कल चीजें बदल सकती हैं। शीर्ष आठ शूटर फाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगे।
तुलिका मान दिला सकती हैं एक और पदकः जूडो में तुलिका मान कांस्य पदक मुकाबले में पहुंच गई हैं और यहां जीत हासिल कर वह कांस्य पदक अपने नाम कर सकती हैं। तुलिका मान ने चीनी ताइपे की जिया वेन त्साई के खिलाफ इप्पोन द्वारा अपना रेपेचेज राउंड जीता और महिलाओं के +78 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक मुकाबले में पहुंच गईं।
भवानी देवी की हारः तलवारबाजी में क्वार्टर फाइनल मैच में भवानी देवी को हार का सामना करना पड़ा है। भारत की भवानी देवी को महिलाओं की सेबर व्यक्तिगत स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में चीन की शाओ याकी के खिलाफ 7-15 से हार का सामना करना पड़ा।
हॉकी में भारतीय टीम की बड़ी जीतः हॉकी में भारतीय पुरुष टीम ने सिंगापुर के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज की है। भारत ने यह मैच 16-1 के अंतर से अपने नाम किया। इससे पहले टीम इंडिया ने उजबेकिस्तान के खिलाफ 16-0 के अंतर से जीत हासिल की थी। भारत का अगला मैच जापान के साथ है।

रिलेटेड पोस्ट्स