लवलीना और हरमनप्रीत होंगे भारतीय ध्वजवाहक

खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
टोक्यो ओलम्पिक की कांस्य पदक विजेता मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन और भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह शनिवार को चीन के होंगझोउ में 19वें एशियाई खेलों के उद्घाटन समारोह में भारत के ध्वजवाहक होंगे। एशियाई खेलों का उद्घाटन समारोह 23 सितम्बर को आयोजित किया जाएगा।
लवलीना ने टोक्यो ओलम्पिक में 69 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीता था। हालांकि, इसके बाद कई अहम प्रतियोगिताओं में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, इस साल मार्च में लवलीना ने नई दिल्ली में आयोजित विश्व मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किया, जो उनके नए 75 किलोग्राम भारवर्ग में आया था। वहीं, हरमनप्रीत सर्वश्रेष्ठ ड्रैग फ्लिकर में से एक हैं और वह उस टीम का हिस्सा थे जिसने ओलंपिक में चार दशक से अधिक लंबे भारतीय हॉकी टीम के पदक के सूखे को तोड़ते हुए टोक्यो खेलों में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता था।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम को 2024 पेरिस ओलंपिक खेलों के लिए अपने आप क्वालिफाई करने के लिए एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतना होगा। इस बार एशियाई खेलों में कुल 655 भारतीय एथलीट प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं, जो अब तक का सबसे बड़ा दल है। भारतीय दल के दल प्रमुख भूपेंद्र सिंह बाजवा ने कहा, ''हम आज काफी विचार-विमर्श के बाद इस फैसले पर पहुंचे कि इस बार एशियाई खेलों में दल की अगुआई करने वाले दो ध्वजवाहक हॉकी कप्तान हरमनप्रीत सिंह और मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन होंगे।
स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने 2018 जकार्ता एशियाई खेलों के उद्घाटन समारोह में यह सम्मान हासिल किया था। इस बीच, भारत ने पहले ही एशियन गेम्स में अपने अभियान की शुरुआत कर दी है, जिसमें पुरुष वॉलीबॉल टीम सबसे अधिक प्रभावित कर रही है। टीम ने मंगलवार को कम रैंकिंग वाली कंबोडिया को 3-0 से हराया था। इसके बाद टीम ने बुधवार को अंतिम पूल मैच में दक्षिण कोरिया को 3-2 से हराया जिससे टीम शीर्ष पर रही। वहीं, सुनील छेत्री की अगुआई वाली भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम को मंगलवार को मेजबान चीन के खिलाफ 1-5 से करारी हार का सामना करना पड़ा।

रिलेटेड पोस्ट्स