रोहित ने शाहीन अफरीदी के खिलाफ बनाया अनोखा रिकॉर्ड

हिटमैन वनडे में 50 अर्धशतक लगाने वाले आठवें भारतीय
खेलपथ संवाद
कोलम्बो।
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप के सुपर-4 मैच में शानदार बल्लेबाजी की। रोहित ने 49 गेंद पर 56 रन की पारी खेली। उन्होंने इस दौरान छह चौके और चार छक्के लगाए। रोहित ने अपने वनडे करियर का 50वां अर्धशतक पूरा किया। वह ऐसा करने वाले भारत के आठवें बल्लेबाज हैं। भारतीय कप्तान ने पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी के खिलाफ एक खास रिकॉर्ड भी बनाया। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के किसी भी फॉर्मेट में शाहीन अफरीदी के पहले ओवर में ही छक्का लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए।
पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने रविवार (10 सितंबर) को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में टॉस जीतकर बल्लेबाजी गेंदबाजी का फैसला किया। रोहित और शुभमन गिल ने टीम इंडिया को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 16.4 ओवर में 121 रन की साझेदारी की। शुभमन गिल ने 52 गेंद पर 58 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके लगाए। गिल का वनडे में यह आठवां अर्धशतक है।
रोहित के अलावा भारत के सात और बल्लेबाजों ने 50 या उससे अधिक अर्धशतक लगाए हैं। इस लिस्ट में सबसे ऊपर महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर का नाम है। सचिन के नाम 96 अर्धशतक हैं। उनके बाद दूसरे स्थान पर पूर्व कप्तान और वर्तमान कोच राहुल द्रविड़ हैं। द्रविड़ के खाते में 83 अर्धशतक हैं।
वनडे में 50 या उससे अधिक अर्धशतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों में सचिन तेंदुलकर 96, राहुल द्रविड़ 83, महेंद्र सिंह धोनी 73, सौरव गांगुली 72, विराट कोहली 65, मोहम्मद अजहरुद्दीन 58, युवराज सिंह 52, रोहित शर्मा 50 शामिल हैं।
एशिया कप में सचिन-कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी की
रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने एशिया कप में लगातार दूसरे मैच में भारत के लिए शतकीय साझेदारी की है। दोनों ने नेपाल के खिलाफ 147 रन जोड़े थे। पाकिस्तान के खिलाफ इस मैच में 121 रन की साझेदारी की। रोहित और गिल की जोड़ी भारत के लिए एशिया कप में सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारी करने वाली जोड़ियों में संयुक्त रूप से पहले स्थान पर पहुंच गई है। इन दोनों से पहले सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली की जोड़ी के नाम दो शतकीय साझेदारियां दर्ज हैं।
पाकिस्तान के खिलाफ रोहित की वनडे में पिछली पांच पारियां
पाकिस्तान के खिलाफ रोहित के पिछले पांच वनडे पारियों को देखें तो उन्होंने इस दौरान दो शतक और दो अर्धशतक जड़े हैं। रोहित के बल्ले से इस दौरान कुल 370 रन निकले हैं। इस मैच में 56 रन बनाने से पहले कैंडी में वह दो सितंबर को 11 रन बनाकर आउट हुए थे। रोहित ने पाकिस्तान के खिलाफ 2019 में मैनचेस्टर में 140 रन, 2018 में दुबई में नाबाद 111 रन और 2018 में ही दुबई के मैदान पर 52 रन बनाए थे।

रिलेटेड पोस्ट्स