धोनी के कई रहस्यों से वेंकटेश ने उठाया परदा

कहा- बाइक चलाते समय क्रेजी हो जाते हैं 'कैप्टन कूल'
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का गाड़ियों का लेकर प्रेम किसी से छिपा नहीं है। वह कार से लेकर बाइक कलेक्शन को लेकर जाने जाते हैं। हाल ही में भारत के पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद उनके घर रांची गए थे। वेंकटेश ने सोशल मीडिया पर धोनी के बाइक क्लेक्शन की तस्वीरें शेयर की थीं। उन्होंने भारत के पूर्व कप्तान से मिलने के वाकये को विस्तार से बताया।
कार्यक्रम के दौरान वेंकटेश प्रसाद ने कहा कि धोनी अपनी उपलब्धियों के परे एक बेहतरीन इंसान हैं। जब वह बिहार के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से पहले खेलते थे और उस समय उनका जैसा व्यवहार था, उसी तरह का व्यवहार आज भी है। वह जमीन से जुड़े इंसान हैं। धोनी के गाड़ियों से प्रेम को वेंकटेश ने अद्भुत बताया। उन्होंने कहा कि वह इसके लिए क्रेजी हैं।
वेंकटेश से पूछा गया, ''महेंद्र सिंह धोनी के घर आप गए थे। उनके पास गाड़ियों का खजाना है। उनके साथ मिलने का अनुभव कैसा रहा?'' इस पर भारत के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज ने कहा, "हमने अच्छा वक्त बिताया। मैं कहूंगा कि इतनी उपलब्धियों के बाद भी उनके जितना विनम्र कोई नहीं है। उनके जितनी उपलब्धियां किसी भारतीय क्रिकेटर के पास नहीं हैं। वे जमीन से जुड़े इंसान हैं।''
वेंकटेश ने आगे कहा, ''2001 में धोनी बिहार से खेल रहे थे, मैं कर्नाटक से खेल रहा था। तब से अब तक धोनी वैसे ही हैं। उनके पास गाड़ियों का कलेक्शन नहीं, उसे म्यूजियम कहना चाहिए। जब मैं चेन्नई सुपरकिंग्स का कोच था। तब उन्हें बाइक मिली थी। वो ग्राउंड से होटल तक मुझे ले गए थे। मैं पीछे मुश्किल से बैठा था। वे बाइक्स को लेकर बहुत क्रेजी हैं।''
रांची में धोनी के घर (कैलाशपति) में एक बहुत बड़ा गैराज है, जहां वह अपनी सारी गाड़ियों को पार्क करते हैं। इस गैराज की तस्वीरें अक्सर वायरल होती रहती हैं। वेंकटेश पूर्व स्पिनर सुनील जोशी के साथ धोनी से मिलने रांची में उनके घर गए थे। इस दौरान उन्होंने धोनी का गैराज भी देखा और इसे देखकर हैरान रह गए। उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया था।

 

रिलेटेड पोस्ट्स