पदार्पण टेस्ट में यशस्वी का रिकॉर्डतोड़ शतक

रोहित का भी सैकड़ा; भारत ने वेस्टइंडीज पर कसा शिकंजा
डोमिनिका।
कप्तान रोहित शर्मा और युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के शतक की बदौलत भारत ने डोमिनिका टेस्ट में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। उसने मैच के दूसरे दिन गुरुवार (13 जुलाई) को खेल समाप्त होने के समय पहली पारी में दो विकेट पर 312 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया के पास 162 रन की बढ़त हो गई है। यशस्वी जायसवाल 143 और पूर्व कप्तान विराट कोहली 36 रन बनाकर नाबाद हैं। अब तीसरे दिन यशस्वी अपनी इस पारी को दोहरे शतक में बदलने के लिए उतरेंगे वहीं, कोहली एक बड़ी खेलना चाहेंगे।
मैच के दूसरे दिन गुरुवार (13 जुलाई) को टीम इंडिया पहली पारी में अपने पहले दिन के स्कोर बिना किसी नुकसान के 80 रन से आगे खेलने उतरी। यशस्वी ने शतक लगाकर कई रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिए। वहीं, रोहित शर्मा ने पिछली कुछ पारियों की निराशा को पीछे छोड़ा और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नागपुर टेस्ट में लगाए गए शतक के बाद एक बड़ी पारी खेली। दोनों ने पहले विकेट के लिए 229 रन की साझेदारी की। यह भारत के टेस्ट में इतिहास पहली बार हुआ कि टीम इंडिया ने बिना विकेट गंवाए पहली पारी में विपक्षी टीम के खिलाफ बढ़त हासिल की। वेस्टइंडीज ने पहली पारी में 150 रन बनाए थे।
रोहित शर्मा ने अपने करियर का 10वां शतक लगाया। वह शतक लगाने के बाद पवेलियन लौट गए। रोहित ने 221 गेंद पर 103 रन बनाए। इस दौरान 10 चौके और दो छक्के लगाए। एलिक एथनेज ने रोहित को आउट किया। उनके बाद बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर उतरे शुभमन गिल कुछ खास नहीं कर पाए और छह रन बनाकर वॉरिकन का शिकार बन गए। गिल ने यशस्वी को अपनी जगह दी और खुद तीसरे नंबर पर उतरे। उनका यह फैसला फिलहाल पहली पारी में तो गलत साबित हुआ है।
यशस्वी ने कोहली के साथ की अर्धशतकीय साझेदारी
रोहित शर्मा और शुभमन गिल के आउट होने के बाद यशस्वी को पूर्व कप्तान विराट कोहली का साथ मिला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 205 गेंद पर 72 रन की साझेदारी की है। यशस्वी ने नाबाद 143 रन की पारी में 350 गेंदों का सामना किया है। वहीं, कोहली ने 96 गेंद पर नाबाद 36 रन बनाए। यशस्वी के बल्ले से 14 चौके निकले हैं। कोहली ने एक चौका लगाया।
यशस्वी डेब्यू टेस्ट में शतक लगाने वाले भारत के 17वें बल्लेबाज हैं। उनसे पहले पिछली बार डेब्यू टेस्ट में श्रेयस अय्यर ने भारत के लिए शतक लगाया था। उन्होंने 2021 में न्यूजीलैंड के खिलाफ कानपुर में 105 रन बनाए थे। भारत के लिए डेब्यू टेस्ट में शतक लगाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी लाला अमरनाथ थे। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 1933 में 118 रन बनाए थे। 
यशस्वी जायसवाल ने रचा इतिहास
यशस्वी की बात करें तो वह डेब्यू टेस्ट में शतक लगाने वाले भारत के तीसरे ओपनर हैं। शिखर धवन ने 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहाली और पृथ्वी शॉ ने 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ राजकोट में ऐसा किया था। यशस्वी विदेशी जमीन पर डेब्यू करते हुए पहले ही टेस्ट में शतक लगाकर इतिहास रच दिया। वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय ओपनर हैं। इतना ही नहीं वह वेस्टइंडीज के खिलाफ डेब्यू करते हुए शतक जड़ने वाले तीसरे खिलाड़ी हैं। रोहित शर्मा ने 2013 में कोलकाता में 177 रन बनाए थे। वहीं, पृथ्वी शॉ ने राजकोट में 2013 में 134 रन बनाए थे।

रिलेटेड पोस्ट्स