भारत एशियन गेम्स में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगा

खेल मंत्री अनुराग ठाकुर बोले- सबसे बड़ा दल जाएगा
एशियाई खेलों की तैयारियों पर खर्च किए 220 करोड़
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर का मानना है कि इस बार के एशियाई खेलों में भारत अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगा। 23 सितम्बर से चीन के शहर हांगझोऊ में होने वाले इन खेलों में भारत का अब तक का सबसे बड़ा दल शिरकत कर सकता है। खेल मंत्री के मुताबिक इन खेलों में 600 के करीब खिलाड़ी शिरकत करेंगे।
जकार्ता एशियाई खेलों में भारत ने 15 स्वर्ण, 24 रजत, 30 कांस्य पदक समेत 69 पदक जीते थे। यह भारत का अब तक एशियाई खेलों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। खेल मंत्री ने उम्मीद जताई है कि भारत हांगझोऊ में इस प्रदर्शन को पीछे छोड़ देगा। जकार्ता में 570 और 2014 के इंचियोन एशियाई खेलों में 541 सदस्यीय दल ने शिरकत की थी। खेल मंत्री ने उम्मीद जताई है कि भारतीय दल इस बार 600 का होगा, जो अब तक का सबसे बड़ा दल होगा। भारत इस बार कुराश, जूजित्सू, शतरंज जैसे खेलों में भी भागीदारी करेगा।
कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में मिशन ओलम्पिक सेल की सौवीं बैठक के बाद खेल मंत्री ने बताया कि एशियाई खेलों की तैयारियों के लिए अब तक 220 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इस ओलंपिक साइकिल में सरकार खिलाड़ियों की तैयारियों और उपकरणों पर 450 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है। 45 करोड़ रुपये टारगेट ओलम्पिक पोडियम (टॉप्स) से जुड़े खिलाड़ियों की तैयारियों और उनके प्रस्तावों पर खर्च हो चुके हैं। खेल मंत्री ने बताया कि सभी राष्ट्रीय खेल संघों से 30 जून तक टीमों को चयनित करने के लिए कहा गया है। 15 जुलाई तक खिलाड़ियों के नाम के साथ एंट्री भेजनी है। खेल मंत्री ने यह भी बताया कि 2021 से 2025 के बीच राष्ट्रीय खेल संघों की सहायता पर 1575 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

रिलेटेड पोस्ट्स