मास्को में चमकीं भारतीय बेटियां

वुशू में 10 स्वर्ण, चार रजत सहित 17 पदक दिलाए
सरकार ने किया पूरा खर्च, खिलाड़ियों को नहीं देना पड़ा पैसा
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
मास्को वुशू स्टार्स चैम्पियनशिप के पदक विजेताओं को भारतीय खेल प्राधिकरण में उप-महानिदेशक एकता विश्नोई और शिव शर्मा ने सम्मानित किया। भारतीय महिला खिलाड़ियों ने रूस में हुई प्रतियोगिता में कुल 17 पदक जीते। ये सभी लड़कियां भारत में आयोजित खेलो इंडिया महिला लीग में प्रतिभागी थीं। मास्को में सांडा (फाइट) और ताओलू में लड़कियों ने जूनियर बालिका, सब-जूनियर बालिका और सीनियर बालिका वर्ग में 10 स्वर्ण, 4 रजत और 3 कांस्य पदक जीते।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मास्को में हुई प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले वुशू खिलाड़ियों को बधाई दी। केंद्रीय खेल मंत्री, अनुराग ठाकुर ने पहले ट्वीट कर एथलीटों को बधाई दी थी। एथलीटों के लिए बधाई संदेश के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट को रीट्वीट किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारे एथलीटों को पदक जीतने की बहुत बधाई।
यह देखना गर्व की बात है कि हमारी लड़कियां हमें गौरवान्वित कर रही हैं और राष्ट्र खेलो इंडिया महिला लीग का फायदा उठा रहा है। यह गर्व की बात है कि देश को खेलो इंडिया लीग का फायदा मिल रहा है और इसमें खेलने वाले खिलाड़ी अब मास्को वुशू चैंपियनशिप के 17 पदकों के साथ पोडियम पर हैं।
भारतीय बालिकाओं ने मजबूत चीन और इंडोनेशिया जैसे देशों की मौजूदगी के बीच यह शानदार प्रदर्शन किया। इन खिलाड़ियों के मास्को प्रतियोगिता में खेलने का सारा खर्च सरकार ने वहन किया है। अर्जुन अवॉर्डी खिलाड़ी और मौजूदा कोच पूजा कादियान ने कहा कि पहले खिलाड़ियों को भाग लेने के लिए डेढ़ लाख व्यक्तिगत रूप से देने होते थे लेकिन इस बार खिलाड़ियों को कोई पैसा नहीं देना पड़ा क्योंकि सरकार ने दौरे को प्रायोजित किया था।

रिलेटेड पोस्ट्स