श्रीलंका ने न्यूजीलैंड को सुपर ओवर में हराया

आकलैंड। श्रीलंका ने पहले टी20 मैच में न्यूजीलैंड को सुपर ओवर में हरा दिया। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 196 रन बनाये। न्यूजीलैंड को आखिरी ओवर में जीत के लिए 13 रन चाहिये थे। ईश सोढ़ी ने श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर मैच को बराबरी पर पहुंचा दिया।
सुपर ओवर में न्यूजीलैंड के लिये डेरिल मिशेल, जिम्मी नीशाम और मार्क चैपमैन उतरे, जबकि श्रीलंका ने महीश तीक्षणा को गेंदबाजी साैंपी। मिशेल ने पहली गेंद पर एक रन लिया। दूसरी गेंद वाइड थी और तीसरी पर नीशाम आउट हो गए। चैपमैन ने दो रन लिये, फिर चौका लगाया और आखिरी गेंद पर आउट हो गए। श्रीलंका के लिए कुसल मेंडिस और चरित असालांका उतरे, जबकि गेंदबाज जिम्मी नीशाम थे। पहली गेंद पर एक रन बना और दूसरी गेंद पर असालांका ने छक्का लगा दिया। अगली गेंद पर चौका लगाकर उन्होंने श्रीलंका को रोमांचक जीत दिलाई।

रिलेटेड पोस्ट्स