महेन्द्र सिंह धोनी सबसे अनुभवी कप्तान

नीतीश राणा और मार्करम पहली बार संभालेंगे कमान
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
आईपीएल का 16वां सीजन 31 मार्च को शुरू होगा। पहले मुकाबले में चार बार की चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स के सामने गत विजेता गुजरात टाइटंस होगी। टूर्नामेंट से पहले सभी टीमों के कप्तान के नाम सामने आ चुके हैं। कोलकाता नाइटराइडर्स ने सोमवार (27 मार्च) को नीतीश राणा के नाम पर मुहर लगा दी। वह चोटिल श्रेयस अय्यर की जगह टीम की कमान संभालेंगे। नीतीश पहली बार आईपीएल में कप्तानी करेंगे। उनके अलावा सनराइजर्स हैदराबाद के एडेन मार्करम भी पहली बार नेतृत्व करेंगे।
चेन्नई सुपरकिंग्स की कप्तानी महेंद्र सिंह धोनी के पास 2008 से है। उन्होंने 2022 में कमान रवींद्र जडेजा को सौंप दी थी, लेकिन वह दबाव को नहीं झेल पाए। आठ मैचों के बाद ही जडेजा ने कप्तानी छोड़ दी थी। उसके बाद फिर से धोनी को ही टीम की कमान संभालनी पड़ी। वह आईपीएल में अब तक 210 मुकाबलों में कप्तानी कर चुके हैं। इस दौरान 123 में जीत और 86 में हार मिले हैं। एक मैच में नतीजा नहीं निकला। इनमें राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स के आंकड़े भी शामिल हैं। धोनी ने 2016 में 14 मैचों में पुणे की कप्तानी की थी। इस दौरान पांच में जीत और नौ में हार मिली थी।
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा
आईपीएल के सबसे सफल कप्तान रोहित शर्मा हैं। उन्होंने पांच बार मुंबई को चैम्पियन बनाया है। रोहित ने 2013 से अब तक 143 मैचों में मुंबई की कप्तानी की है। इस दौरान उन्हें 79 में जीत और 60 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। उनकी कप्तानी में चार मैच टाई रहे हैं।
दिल्ली कैपिटल्स: डेविड वॉर्नर
कार दुर्घटना में चोटिल हुए ऋषभ पंत की जगह डेविड वॉर्नर दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करेंगे। वह इससे पहले दिल्ली डेयरडेविल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के लिए कप्तानी कर चुके हैं। आईपीएल में उन्होंने 69 मैचों में कप्तानी की है। इस दौरान 35 में जीत और 32 में हार मिली। दो मैच टाई रहे। इस आंकड़े में दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए 2013 में दो मैचों में कप्तानी भी शामिल हैं। तब दोनों मुकाबलों में वॉर्नर की टीम को हार मिली थी।
लखनऊ सुपर जाएंट्स: केएल राहुल
भारत के अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल ने 2020 से अब तक आईपीएल के 42 मैचों में कप्तानी की है। वह लखनऊ सुपर जाएंट्स से पहले पंजाब किंग्स के कप्तान थे। राहुल ने दोनों टीमों को मिलाकर कुल 42 मैचों में कमान संभाली है। 20 में उन्हें जीत और 20 में हार मिली है। राहुल की कप्तानी में लखनऊ की टीम पिछले सीजन में प्लेऑफ तक पहुंची थी।
राजस्थान रॉयल्स: संजू सैमसन
राजस्थान रॉयल्स को पिछले सीजन में फाइनल तक पहुंचाने वाले संजू सैमसन ने आईपीएल में 31 मैचों में कप्तानी की है। इस दौरान उन्हें 15 में जीत और 16 में हार मिली है।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: फाफ डुप्लेसिस
भारत के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली ने पिछले साल आईपील में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) की कप्तानी छोड़ दी थी। उनके स्थान पर फ्रेंचाइजी ने फाफ डप्लेसिस को कमान सौंपी। उनकी कप्तानी में टीम प्लेऑफ तक पहुंची थी। डुप्लेसिस ने 16 मैचों में कप्तानी की। इस दौरान नौ में जीत और सात में हार का सामना करना पड़ा।
गुजरात टाइटंस: हार्दिक पांड्या
2022 में पहली बार गुजरात टाइटंस की टीम ने आईपीएल में हिस्सा लिया था। हार्दिक पांड्या ने भी पहली बार ही कप्तानी की थी। उन्होंने टीम को फाइनल तक पहुंचाया और पहले ही सीजन में चैंपियन भी बना दिया। हार्दिक ने 15 मैचों में कप्तानी की है। इस दौरान 11 में जीत और चार मैचों में हार मिली है।
पंजाब किंग्स: शिखर धवन
पंजाब किंग्स ने इस सीजन में शिखर धवन को कप्तान बनाया है। पिछले सीजन में टीम के कप्तान मयंक अग्रवाल थे। उन्हें फ्रेंचाइजी ने टीम से बाहर कर दिया। मयंक हैदराबाद के लिए खेलेंगे। धवन ने अब तक आईपीएल में 10 मैचों में कप्तानी की है। 2014 में उनकी कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम चार मैचों में जीती थी और छह में उसे हार का सामना करना पड़ा था। 
कोलकाता नाइटराइडर्स: नीतीश राणा
कोलकाता नाइटराइडर्स ने आगामी सीजन के लिए नीतीश राणा को कप्तान बनाया है। उनके पास आईपीएल में कप्तानी का अनुभव नहीं है। वह घरेलू क्रिकेट में दिल्ली की कप्तानी कर चुके हैं। इस दौरान 12 मैचों में से टीम को आठ में जीत मिली थी। दिल्ली को चार में हार का सामना करना पड़ा।
सनराइजर्स हैदराबाद: एडेन मार्करम
दक्षिण अफ्रीका के एडेन मार्करम भी पहली बार आईपीएल में कप्तानी करेंगे। वह दक्षिण अफ्रीकी की नई टी20 लीग एसए20 (SA20) में सनराइजर्स फ्रेंचाइजी की टीम सनराइजर्स ईस्टर्न केप की कप्तानी कर चुके हैं। उन्होंने टूर्नामेंट के पहले ही सीजन में टीम को चैंपियन बनाया। इसका इनाम उन्हें फ्रेंचाइजी ने दिया और हैदराबाद की भी कमान सौंप दी। अब देखना है कि मार्करम एसए20 की सफलता आईपीएल में दोहरा पाते हैं या नहीं।

 

रिलेटेड पोस्ट्स