विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की फाउंडेशन का विलय

सेवा पहल के जरिए करेंगे लोगों की मदद
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने सेवा पहल की शुरुआत की है। इस पहल के जरिए ये जोड़ा जरूरतमंद लोगों की मदद करेगा। इसके लिए विराट कोहली और अनुष्का ने अपने-अपने गैर लाभकारी संगठन का आपस में विलय कर दिया है। पहले ये दोनों अलग-अलग संगठनों के जरिए लोगों की मदद कर रहे थे। 
विराट और अनुष्का के नए गैर लाभकारी संगठन का नाम सेवा रखा गया है। अनुष्का और विराट ने एक संयुक्त बयान जारी कर कहा, "खलील जिब्रान के शब्दों में दरअसल जीवन ही जीवन देता है- जबकि हम, जो खुद को दाता मानते हैं, केवल एक साक्षी हैं। इस भावना को ध्यान में रखते हुए, ‘सेवा' के माध्यम से हमने अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने के उद्देश्य से एक साथ काम करने का फैसला किया है। ‘सेवा' का कार्य किसी खास मुद्दे तक सीमित नहीं रहेगा, क्योंकि यह सामाजिक भलाई के लिए और मानवता के लिए लगातार काम करता रहेगा, जिसकी इस समय बहुत आवश्यकता है।"
विराट कोहली खेलों के उत्थान के लिए छात्रवृत्ति देना जारी रखेंगे। वह एथलीटों को प्रायोजित करने का काम भी करते रहेंगे। अनुष्का शर्मा जानवरों के हित से जुड़े कामों में सक्रिय रहेंगी। अपने नए संयुक्त संगठन सेवा के जरिए दोनों हस्तियां जरूरतमंद लोगों की पहचान करेंगी और उनकी मदद करेंगी। सेवा का उद्देश्य बड़े पैमाने पर समाज की मदद करना है। 
अनुष्का शर्मा बेटी के जन्म के बाद फिल्मों में ज्यादा सक्रिय नहीं हैं, क्योंकि वह एक माता के रूप में अपने दायित्व पूरे कर रही हैं और बेटी वामिका के साथ ज्यादा समय बिताती हैं। वह पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी के जीवन पर आधारित फिल्म चकदा एक्सप्रेस में नजर आएंगी। वहीं, विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद आईपीएल में दिखाई देंगे। कोहली ने इस साल टेस्ट क्रिकेट में भी अपने शतकों का सूखा खत्म किया और अहमदाबाद में शानदार पारी खेली थी। अब आईपीएल में भी फैंस को उनसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।

रिलेटेड पोस्ट्स