दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को नौ विकेट से हराया

महिला प्रीमियर लीगः नौ ओवर में ही बना लिए 110 रन
खेलपथ संवाद
मुम्बई।
दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को नौ विकेट से हरा दिया है। उसने 110 रन के लक्ष्य को नौ ओवर में ही हासिल कर लिया। दिल्ली के लिए कप्तान मेग लैनिंग, एलिस कैप्सी और शेफाली वर्मा ने तूफानी पारी खेली। तीनों ने तेजी से रन बनाए। एलिस कैप्सी ने सर्वाधिक नाबाद 38 रन बनाए। उन्होंने 17 गेंद की पारी में सिर्फ एक चौका लगाया। कैप्सी के बल्ले से पांच लम्बे-लम्बे छक्के निकले। 
कप्तान मेग लैनिंग 22 गेंद पर 32 रन बनाकर नाबाद रहीं। उन्होंने चार चौके लगाए। शेफाली वर्मा ने 15 गेंद पर छह चौकों की मदद से 33 रन बनाए। लैनिंग और शेफाली ने एक-एक छक्का भी लगाया। मुंबई के लिए इकलौती सफलता हीली मैथ्यूज को मिली। इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स ने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर मुंबई इंडियंस को कम स्कोर पर रोक दिया। मुंबई की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 109 रन ही बना सकी। उसके लिए पूजा वस्त्राकर ने सर्वाधिक 26 रन बनाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर 23, इस्सी वोंग 23 और अमनजोत कौर 19 रन बनाकर आउट हुईं। अमेलिया केर ने आठ, हीली मैथ्यूज पांच और यास्तिका भाटिया एक रन ही बना सकीं। नताली सीवर ब्रंट खाता भी नहीं खोल सकीं। दिल्ली के लिए मरिजान कैप ने कातिलाना गेंदबाजी की। उन्होंने चार ओवर में 13 रन देकर दो विकेट लिए। शिखा पांडे और जेस जोनासेन को भी दो-दो सफलता मिली। अरुंधति रेड्डी ने एक विकेट अपने नाम किया।

रिलेटेड पोस्ट्स