विकास और परमजीत सिंह को ओलम्पिक का टिकट

एशियाई चैम्पियनशिप में पैदल चाल का जीता रजत और कांस्य
प्रियंका को कांस्य पदक, मुनीता, भावना कट से चूकीं
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारत के 20 किलोमीटर पैदल चाल के एथलीट विकास सिंह और परमजीत सिंह बिष्ट ने रविवार को एशियाई चैम्पियनशिप में दूसरा और तीसरा स्थान हासिल करके 2024 में होने वाले पेरिस ओलम्पिक और 2023 में होने वाली विश्व चैम्पियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया। विकास और परमजीत ने एशियाई 20 किलोमीटर पैदल चाल चैम्पियनशिप के पुरुष वर्ग में क्रमश: 1:20:05 घंटे (एक घंटा, 20 मिनट, पांच सेकेंड) और 1:20:08 घंटे के साथ दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।
चीन के कियान हैफेंग (1:19:09) ने पहला स्थान हासिल किया। पेरिस में 2024 में होने वाले ओलम्पिक खेल और हंगरी के बुडापेस्ट में इस साल अगस्त में होने वाली विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के लिए क्वालीफाइंग मार्क 1:20:10 घंटा है और दोनों भारतीय खिलाड़ियों ने इसे मामूली अंतर से हासिल किया।
पिछले महीने राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में जीत दर्ज करके ओलम्पिक और विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के लिए क्वालीफाई करने वाले अक्षदीप सिंह ने 1:20:57 घंटे का समय निकाला और वह पांचवें स्थान पर रहे। प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार कोई देश आधिकारिक प्रविष्टियों के अलावा ओपन वर्ग में खिलाड़ियों को भेज सकता है लेकिन उनका प्रदर्शन आधिकारिक नहीं माना जाएगा। भारत ने ओपन वर्ग में चार पुरुष और तीन महिला खिलाड़ी भेजे थे। पुरुषों के वर्ग में दो अन्य भारतीय सूरज पंवार और हरदीप ने क्रमश: 1:22:31 और 1:25:38 घंटे का समय निकाला।
महिला वर्ग में पिछले महीने राष्ट्रीय चैम्पियनशिप जीतकर ओलम्पिक और विश्व चैम्पियनशिप के लिए क्वालीफाई कर चुकीं प्रियंका गोस्वामी ने महिलाओं के आधिकारिक प्रवेश वर्ग में 1:32:27 घंटे का समय लेकर कांस्य पदक हासिल किया। वह कुल मिलाकर चौथे स्थान पर रहीं। भारत की मुनीता प्रजापति और भावना जाट ओपन वर्ग में क्रमश: 1:33:22 और 1:36:20 घंटे के साथ बड़े अंतर से ओलम्पिक और विश्व चैम्पियनशिप के क्वालीफाइंग मार्क 1:29:20 घंटे से चूक गईं।

रिलेटेड पोस्ट्स