आज आकाश संग सात फेरे लेंगी मुक्केबाज पूजा बोहरा

सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती, अब बिना दहेज होगी शादी
खेलपथ संवाद
भिवानी (हरियाणा)।
अंतरराष्ट्रीय महिला मुक्केबाज पूजा बोहरा बुधवार को जींद के आकाश के साथ शादी के परिणय सूत्र में बंधेंगी। उनकी शादी में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी व कोच, सेलिब्रेटी के साथ प्रदेश के कई नेता शिरकत करेंगे। मंगलवार को विकास नगर स्थित उनके निवास स्थान में हल्दी और मेहंदी की रस्में हुईं, जिनमें परिवारजनों ने अपना फर्ज निभाया। बुधवार सुबह हिसार से उनके मामा परिवार के साथ भात लेकर आए। आज शाम वे आकाश के साथ शादी के परिणय सूत्र में बंधेंगी।
सोशल मीडिया से शुरू हुई मुक्केबाज पूजा बोहरा व आकाश की प्रेम की कहानी अब शादी में बदलने जा रही है। खास बात तो ये है कि यह शादी सिर्फ एक रुपये के शगुन पर होगी। इस वजह से लोग सोशल मीडिया पर आकाश और पूजा की तारीफ कर रहे हैं। शादी को लेकर दोनों परिवार काफी खुश हैं और सभी तैयारी हो चुकी हैं। शादी के निमंत्रण दिए जा चुके हैं। शादी की रस्में घर पर कराई गईं। अंतरराष्ट्रीय महिला मुक्केबाज पूजा बोहरा की शादी जींद जिले के गांव बड़छप्पर निवासी आकाश के साथ तय हुई है, जोकि जींद में ही यूनाइटेड इंडियन इंश्योरेंस में प्रशासनिक अधिकारी है। हालांकि आकाश अपने परिवार के साथ जींद की डिफेंस कॉलोनी में रहते हैं। हल्दी की रस्म पूजा के भाई अरविंद बोहरा, रोहित, राहुल, कवीर और भाभी सुचेता, सुशीला, उनकी बुआ पिंकी, इंद्रवती, सुनिता, अनिता, निर्मला के साथ ही मौसी मुन्नी देवी, संतरा देवी और सुनीता और यूथ बॉक्सिंग की हेड कोच अमनप्रीत, सोनिया, प्रियंका, भारती ठाकुर, प्रियंका चौधरी ने निभाई।
हरियाणा सरकार के भीम अवॉर्ड से सम्मानित महिला मुक्केबाज पूजा बोहरा ने अब तक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में दर्जनों पदक जीते हैं। उन्होंने 2010 में गोवा में हुई जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में रजत पदक, 2012 में गुवाहाटी में हुई सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक, 2013 में एशियन चैंपियनशिप में रजत पदक, 2013 में एशियन गेम्स में कांस्य पदक, 2019 में बैंकॉक में हुई एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक, 2021 में दुबई में हुई एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक और वर्ष 2021 टोक्यो ओलंपिक में प्रतिनिधित्व किया।
पूजा बोहरा का कहना है कि मुक्केबाजी में अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर सदैव सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास किया है। अब जीवन की एक नई शुरुआत करने जा रही हूं। शादी के बाद दो परिवारों के बीच संबंध बन जाते हैं। आकाश से सोशल मीडिया के माध्यम से बातचीत शुरू हुई थी और अब शादी के परिणय सूत्र में बंधने जा रही हूं। शादी समारोह में शामिल होकर हमें आशीर्वाद देने आए सभी शुभचिंतकों का हृदय की गहराइयों से आभार। 

रिलेटेड पोस्ट्स