बड़ी हृदय विदारक है चैम्पियन बुसरा खान की कहानी

फैक्ट्री ब्लास्ट में पिता को खोया, घर का सामान बिक गया
पिता को समर्पित है खेलो इंडिया का मेडल
खेलपथ संवाद
भोपाल।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स की 3000 मीटर दौड़ स्पर्धा में 17 साल की बुसरा खान ने गोल्ड मेडल जीता। मध्य प्रदेश के सीहोर की एथलीट ने 10.04.29 मिनट का समय लेकर पहला स्थान हासिल किया। स्पर्धा से पहले पैर में इंजरी थी, लेकिन वह 10 हजार रुपए की इंस्पिरेशन लेकर दौड़ी और मेडल जीतकर मानी। यहां तक का सफर बुसरा के लिए आसान नहीं था। कुछ महीनों पहले फैक्ट्री ब्लास्ट में पिता चल बसे। घर का सामान तक बिक गया। इसके बाद भी उसने मेहनत जारी रखी और गोल्ड जीता।
खेलो इंडिया गेम्स इस वक्त मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल समेत राज्य के अलग-अलग शहरों में हो रहे हैं।
बुसरा बताती हैं, '2016 में 12 साल की उम्र में मैं भोपाल की एथलेटिक्स एकेडमी में सेलेक्ट हुई। यहां कोच एसके प्रसाद की निगरानी में प्रैक्टिस की। स्टेट लेवल पर मेहनत की और नेशनल लेवल पर सेलेक्ट हुई। गोल्ड जीतने का सपना था, 2023 में वह पूरा हुआ। इससे पहले 2019 में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।'बुसरा ने बताया, 'मुझे दौड़ना अच्छा लगता है, बचपन से ही दौड़ने का शौक था। अब्बू छोटी बहनों के साथ सीहोर के ग्राउंड ले जाते थे। जब तक वो थे, तब तक सब ठीक था लेकिन, उनके चले जाने के बाद परेशानियां बढ़ गईं।'
बुसरा ने कहा, 'पिछले साल मई में सीहोर की केमिकल फैक्ट्री ब्लास्ट में पिता का देहांत हो गया। फैक्ट्री में मजदूरों के लिए मकान बने हैं वहीं, मेरा पूरा परिवार रहता था। ब्लास्ट के समय पिता फैक्ट्री की वर्कशॉप में काम कर रहे थे। मां और छोटी बहनें घर में थीं। जब ये खबर पता चली तब मैं एकेडमी में ही थी।' बुसरा की मां शहनाज खान ने बताया, 'लड़कियों के पिता के चले जाने के बाद घर का सारा सामान बिक गया। राशन भी दूसरों की मेहरबानी से आने लगा। फैक्ट्री में बना क्वार्टर तक छोड़ना पड़ गया। बुसरा एकेडमी में है लेकिन छोटी बहनों ने ग्राउंड जाना छोड़ दिया।'
बुसरा ने बताया, 'मां अब दोनों बहनों के साथ किराए के मकान में रहती हैं। पिता को मिले मुआवजे से घर का किराया जाता है। सरकार ने अब हम तीनों बहनों की पढ़ाई फ्री कर दी है। मैं कॉलेज में हूं, छोटी बहन दरख्शा नौवीं में और आरिया सातवीं कक्षा में है।' वह बोलीं कि कोच सर कभी-कभी मदद कर देते हैं। वह राशन दिलवाते हैं। कई बार जिला प्रशासन से भी मदद मिल जाती है।
बुसरा भोपाल स्थित एकेडमी में ही रहती है। जहां उन्हें बेसिक सुविधाओं के साथ दौड़ने के लिए हर तरह की फेसिलिटी अवेलेबल है। मां का सपना है कि बेटी देश के लिए मेडल जीते। उन्होंने बताया कि बेटी कॉम्पिटीशन में इनाम के पैसे भी उन्हें दे देती है ताकि घर की जरूरतें पूरी हो सकें। मां ने बताया कि कॉम्पिटीशन से पहले बेटी के बाएं पैर में चोट थी। लेकिन, 10 हजार रुपए जीतने के लिए वह दौड़ी और मेडल जीतकर मानी। दरअसल, एमपी सरकार खेलो इंडिया यूथ गेम्स में गोल्ड जीतने वाले एथलीट्स को स्कॉलरशिप और जेब खर्च के लिए 10 हजार रुपए देती है। इन पैसों से बुसरा अपने परिवार की आर्थिक जरूरतें पूरी करती है। बुसरा ने बताया कि रेस से पहले वह काफी नर्वस थी। लेकिन कोच सर ने हौसला अफजाई की। रेस के दौरान वो लगातार मुझे गाइड कर रहे थे। जीत के बाद बुसरा इमोशनल होकर बोलीं, 'मेडल मेरे लिए काफी अहम है। पिता यहां होते तो ज्यादा खुश होते। ये मेडल उन्हीं के लिए है।'
(साभार दैनिक भास्कर)

 

रिलेटेड पोस्ट्स