मेजबान मध्य प्रदेश ने बिखेरी स्वर्णिम चमक

खेलो इंडिया यूथ गेम्सः पदक तालिका में सबसे ऊपर
नितिन वर्मा ने पानी से निकाले तीन गोल्ड 
खेलपथ संवाद
भोपाल।
मध्य प्रदेश में चल रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स के पांचवें संस्करण में मेजबान खिलाड़ियों ने स्वर्णिम चमक बिखेरते हुए पांचवें दिन फिर से पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। मध्य प्रदेश ने महाराष्ट्र और हरियाणा पर अग्रता हासिल कर रखी है। पांचवें दिन मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने छह स्वर्ण पदक जीते और अपने स्वर्णिम पदकों की संख्या 14 कर ली।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स में मध्यप्रदेश का स्वर्णिम सफर शुक्रवार को नए मुकाम पर पहुंच गया। मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने पहली बार एक दिन में 6 गोल्ड मेडल जीते। पिछले गेम्स में जीते 12 गोल्ड का मुकाम इस बार तीन दिन में ही पीछे छोड़ दिया। अब 14 गोल्ड के साथ मध्य प्रदेश मेडल टैली में महाराष्ट्र को पीछे छोड़कर फिर टॉप पर आ गया है। बता दें कि खेलो इंडिया के इतिहास में मध्य प्रदेश ने सबसे ज्यादा 15 गाेल्ड गुवाहाटी में 2020 में जीते थे। हालांकि इतने गोल्ड जीतने के बाद भी मध्य प्रदेश 12वें स्थान पर रहा था, क्योंकि तब खेलो इंडिया दो ऐज कैटेगरी में होते थे। अब मात्र एक ही ऐज कैटेगरी में हो रहे हैं, इसलिए मेडल की संख्या भी बढ़ रही है।
किसान के बेटे का कमालः देव मीणा देवास से 120 किलोमीटर दूर गांव सिल्वरकाेटा के हैं। पिता किसान हैं। डेढ़ साल पहले देव भाेपाल आ गए थे। उन्होंने पिछले वर्ष अकादमी में ट्रायल दिए, लेकिन सिलेक्ट नहीं हो पाए तो यहीं पर किराए का कमरा लिया और राेजाना टीटी नगर स्टेडियम में पे एंड प्ले स्कीम के तहत पाेल वाॅल्ट प्रैक्टिस करने लगे। जल्दी ही उन्हाेंने अपना परफार्मेंस सुधार लिया और अकादमी में चुन लिए गए। वह 6 महीने से अकादमी के प्लेयर हैं। देव बताते हैं कि यहां से इनाम में जो राशि जीतूंगा, उससे इंटरनेशनल एथलेटिक्स की तैयारी करूंगा। अब फोकस में कॉमनवेल्थ और एशियाड गेम्स हैं।
इन्होंने मध्य प्रदेश की झोली में डाला सोना
आदित्य रघुवंशी - ऊंची कूद। मध्य प्रदेश अकादमी के इस एथलीट ने 2.01 मीटर से ज्यादा की छलांग लगाई। साेनिया ठाकुर-अमित ने कम्पाउंड मिक्स्ड तीरंदाजी में गोल्ड दिलाया। याेगासन - उज्जैन में टीम इवेंट में रिया और निशिता की जोड़ी ने हासिल की स्वर्णिम सफलता। नितिन वर्मा - कयाकिंग केनोइंग में के-1 200 मीटर में गाेल्ड जीता। यह कयाकिंग केनाेइंग में 7वां गोल्ड है। हिमांशु मिश्रा - उन्होंने 69.36 मीटर जैवलिन थ्राे किया।
नितिन वर्मा ने बड़ी झील में खत्म हुई कयाकिंग-केनाेइंग के के-1 200 मी. इवेंट में गाेल्ड जीता। इस बार गेम्स में तीन गोल्ड जीतने वाले वे मप्र के अकेले खिलाड़ी हैं। पंचकूला में हुए पिछले खेलाे इंडिया में पंकज गारगामा ने मलखंभ में तीन गोल्ड जीते थे। मध्य प्रदेश के देव मीणा ने पोल वॉल्ट में 4.91 मीटर ऊंची छलांग लगाई। पिछला मीट रिकॉर्ड 4.90 मीटर का था।

 

रिलेटेड पोस्ट्स