स्टार मिडफील्डर हार्दिक वर्ल्ड कप से बाहर

इंग्लैंड के खिलाफ मैच में हुई थी हैमस्ट्रिंग इंजरी
राज कुमार पाल टीम में शामिल
खेलपथ संवाद
भुवनेश्वर।
रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत के महत्वपूर्ण क्रॉसओवर मैच से पहले स्टार मिडफील्डर हार्दिक सिंह मेंस हॉकी वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ मैच के दौरान उन्हें हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई थी। हार्दिक को वेल्स के खिलाफ भारत के पूल डी के आखिरी गेम के लिए आराम दिया गया था। हॉकी इंडिया ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। हार्दिक की जगह राज कुमार पाल को टीम में शामिल किया जाएगा।
भारतीय हॉकी टीम के कोच ग्रैहम रीड ने कहा कि शुरुआत में चोट इतनी गंभीर नहीं लग रही थी। रिहैबिलिटेशन और ऑन फील्ड अससमेंट के बाद हमने फैसला लिया है कि, हम हार्दिक की जगह राज कुमार पाल को रिप्लेस करेंगे। हार्दिक का वर्ल्ड कप अच्छा जा रहा था। वे इंजरी को लेकर दुखी हैं। पहले मैच में हार्दिक ने दूसरे क्वार्टर में फुल टाइम से पहले 26वें मिनट ने शानदार मैदानी गोल दागते हुए भारत को स्पेन के खिलाफ 2-0 की बढ़त दिलाई थी।
24 साल के हार्दिक सिंह का यह दूसरा वर्ल्ड कप था। इससे पहले 2018 में भी वे टीम का हिस्सा थे। हार्दिक के दादा इंडियन नेवी में हॉकी के कोच रह चुके हैं। हार्दिक सिंह ने 2020 टोक्यो ओलंम्पिक्स में टीम के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता था। वहीं पिछले साल 2022 में कामनवेल्थ गेम्स में हार्दिक सिल्वर मेडल जीतने वाली टीम के भी हिस्सा थे। इसके अलावा उन्होंने एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी में एक बार गोल्ड और एक ब्रॉन्ज जीता हुआ है। हार्दिक सिंह 2021 में अर्जुन अवॉर्ड से नवाजे गए थे।
भारत ने हॉकी वर्ल्ड कप के अपने आखिरी पूल मैच में वेल्स को 4-2 से हराया था। भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में गुरुवार को भारत की ओर से आकाशदीप सिंह ने 2 गोल किए। जबकि शमशेर सिंह और हरमनप्रीत सिंह की स्टिक से एक-एक गोल आया। इस जीत के बावजूद भारतीय टीम सीधे क्वार्टर फाइनल में नहीं पहुंच सकी। भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ क्रॉसओवर मुकाबला खेलना होगा। उसमें जीत मिलने की स्थिति में टीम क्वार्टर फाइनल में जाएगी। भारत को डायरेक्ट क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए वेल्स के खिलाफ 8-0 से जीत की जरूरत थी।

रिलेटेड पोस्ट्स