भारत-श्रीलंका पहले वनडे में बने 17 रिकॉर्ड्स

विराट कोहली ने सचिन के 3 रिकॉर्ड तोड़े
रोहित, गिल और उमरान ने भी रचा इतिहास
खेलपथ संवाद
गुवाहाटी।
भारत ने साल का पहला वनडे 67 रन से जीत लिया। श्रीलंका के कप्तान दसुन शनाका ने शतक लगाया, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। भारत के लिए उमरान मलिक ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। उमरान से पहले विराट कोहली ने अपना 45वां वनडे शतक जड़ा। इस शतक के साथ उन्होंने वनडे में 9 रिकॉर्ड्स बनाए। उनके अलावा रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने भी कुछ रिकॉर्ड्स बनाए। जिन्हें आगे इस खबर में हम जानेंगे।

1. विराट के सबसे तेज 12,500 रन
श्रीलंका के खिलाफ विराट ने 87 बॉल पर 113 रन की पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 12 चौके और एक छक्का लगाया। इस पारी के साथ ही विराट कोहली के वनडे इंटरनेशनल की 257 पारियों में 12,584 रन पूरे हो गए। वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले सबसे तेज क्रिकेटर हैं। उनके बाद भारत के ही सचिन तेंदुलकर और ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग के नाम हैं। सचिन ने 310 और पोंटिंग ने 338 पारियों में 12,500 वनडे रन पूरे किए थे।
2. 11वीं बार लगातार 2 पारियों में शतक
विराट कोहली ने 11वीं बार लगातार 2 वनडे पारियों में शतक लगाए। श्रीलंका से पहले उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ 10 दिसंबर 2022 को पिछले वनडे में भी शतक लगाया था। तब भी उन्होंने 113 रन की पारी खेली थी। इस मैच के बाद भारत ने 2 टेस्ट और 3 टी-20 इंटरनेशनल खेले, लेकिन वनडे श्रीलंका के खिलाफ ही खेला।
3. 100 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से शतक
विराट ने श्रीलंका के खिलाफ 129.88 के स्ट्राइक रेट से शतक बनाया। 100 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से वनडे सेंचुरी बनाने के रिकॉर्ड में भी वह टॉप पर हैं। उनके बाद साउथ अफ्रीका के एबी डी विलियर्स ने 25 बार 100 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से वनडे सेंचुरी बनाईं। वहीं, सचिन तेंदुलकर ने 24 बार ऐसा किया। विराट के नाम भारत के लिए सबसे तेज 52 बॉल में वनडे सेंचुरी बनाने का रिकॉर्ड भी है। उन्होंने 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐसा किया था।
4. टीम की जीत में सबसे बड़ा स्कोर
विराट ने श्रीलंका के खिलाफ जीत में 113 रन की पारी खेली। पहले वनडे में भारत के लिए उनसे बड़ी पारी कोई नहीं खेल सका। अब तक खेली 257 पारियों में विराट 69 बार टीम के टॉप स्कोरर रहे हैं। शुरुआती 257 वनडे पारियों में सबसे ज्यादा बार टॉप स्कोरर बनने के मामले में उन्होंने सचिन देंतुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा। तेंदुलकर ने 68 बार ऐसा किया था। उनके बाद वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा ने 65 बार ऐसा किया था।

5. घर में 4 साल बाद शतक
विराट कोहली ने भारत में खेलते हुए 4 साल बाद वनडे शतक लगाया। उन्होंने आखिरी बार 8 मार्च 2019 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रांची में 123 रन की पारी खेली थी। इसके बाद अब जा के वह शतक लगा सके हैं। भारत में यह उनका 20वां शतक है। घर में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर की बराबरी कर ली है। सचिन के नाम भी भारत में 20 शतक हैं। दोनों के बाद साउथ अफ्रीका के हाशिम अमला ने साउथ अफ्रीका में 14 शतक लगाए हैं। ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग के नाम 13 और न्यूजीलैंड के रॉस टेलर के नाम 12 शतक हैं। भारत में विराट ने 99 वनडे पारियां खेली हैं। इनमें वह 20 शतक के अलावा 25 बार फिफ्टी भी लगा चुके हैं।
6. किसी एक देश के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक
विराट के श्रीलंका के खिलाफ 47 पारियों में 9 वनडे शतक पूरे हो गए हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ भी 41 पारियों में 9 शतक लगाए हैं। किसी एक देश के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले भारतीयों में वह सचिन तेंदुलकर की बराबरी पर हैं। सचिन के ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 9 शतक हैं। रोहित शर्मा और विराट कोहली के नाम ऑस्ट्रेलिया के सामने 8-8 शतक हैं। श्रीलंका के खिलाफ बाकी 2 वनडे में एक और शतक बनाने के साथ ही विराट इस लिस्ट में भी टॉप पर पहुंच जाएंगे।
7. श्रीलंका के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक
श्रीलंका के खिलाफ विराट कोहली ने 9वां वनडे शतक जड़ा। श्रीलंका के सामने सबसे ज्यादा शतक बनाने में उन्होंने भारत के ही सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा। सचिन ने श्रीलंका के खिलाफ 8 शतक लगाए थे। उनके बाद पाकिस्तान के सईद अनवर ने श्रीलंका के खिलााफ 7 शतक लगाए हैं। रोहित शर्मा, गौतम गंभीर और ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट ने श्रीलंका के सामने 6-6 शतक बनाए हैं।
8. विराट का 73वां इंटरनेशनल शतक
विराट कोहली का यह इंटरनेशनल क्रिकेट में 73वां शतक भी था। वनडे में 45 शतक के अलावा उन्होंने टेस्ट में 27 और टी-20 इंटरनेशनल में भी एक शतक जड़ा है। इंटरनेशनल क्रिकेट में उनसे ज्यादा शतक सचिन तेंदुलकर के ही हैं। सचिन के नाम वनडे में 49 और टेस्ट में 51 शतक मिलाकर इंटरनेशनल क्रिकेट में 100 शतक हैं। विराट के बाद ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग ने 71 इंटरनेशनल शतक लगाए हैं। सचिन के 49 वनडे शतकों से विराट 4 शतक दूर हैं। 100 शतक का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए उन्हें 28 सेंचुरी और लगानी होंगी।

9. नॉन-ओपनर के रूप में सबसे ज्यादा शतक

विराट कोहली ने वनडे करियर के सभी 45 शतक 3 या 4 नंबर पर बैटिंग करते हुए ही बनाए हैं। ओपनिंग से नीचे बैटिंग करते हुए उनके सबसे ज्यादा शतक हैं। उनसे पीछे ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग और साउथ अफ्रीका के एबी डी विलियर्स हैं। पोंटिंग के नाम 30 और एबी के नाम 24 वनडे शतक हैं। एक्टिव प्लेयर्स में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल शतकों के मामले में भी विराट टॉप पर हैं। विराट के 73 शतकों के बाद ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर ने 45 शतक लगाए हैं। इंग्लैंड के जो रूट ने 44, ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ ने 42 और भारत के रोहित शर्मा ने 41 शतक लगाए हैं। पांचों ही प्लेयर्स फिलहाल क्रिकेट खेल रहे हैं।
10. ओपनर रोहित ने सहवाग को पीछे छोड़ा
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ 67 गेंदों में 83 रन की पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 9 चौके और 3 छक्के लगाए। इसके साथ ही ओपनिंग करते हुए रोहित शर्मा के 149 पारियों में 7,519 रन पूरे हो गए हैं। उन्होंने भारत के वीरेंद्र सहवाग का रिकॉर्ड तोड़ा। सहवाग के बतौर ओपनर 212 पारियों में 7,518 रन हैं।
बतौर ओपनर सबसे ज्यादा रन भारत के सचिन तेंदुलकर के नाम है। उन्होंने 344 मैचों में ओपनिंग करते हुए 15,310 वनडे रन बनाए हैं। रोहित का औसत इस दौरान 56.53 का है। 7,000 से ज्यादा रन बनाने वाले ओपनर में उनसे ज्यादा औसत किसी का नहीं है। दूसरे नंबर साउथ अफ्रीका के हाशिम अमला ने भी 49.89 की औसत से 8,083 रन बनाए हैं। सबसे तेज 7,500 रन बनाने का रिकॉर्ड भी उनके नाम हो गया है। उनके बाद अमला ने 158 पारियों में इतने रन बनाए थे।
12. ओपनर रोहित की 27वीं शतकीय साझेदारी
रोहित ने शुभमन गिल के साथ मिलकर 143 रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप की। यह रोहित की पहले विकेट के लिए 27वीं शतकीय साझेदारी है। गिल से पहले वह 18 बार शिखर धवन, 5 बार केएल राहुल और 3 बार अजिंक्य रहाणे के साथ भी 100 से ज्यादा रन की साझेदारी कर चुके हैं।
11. रोहित शर्मा के 9,500 रन भी पूरे
श्रीलंका के खिलाफ पारी के साथ ही रोहित के वनडे इंटरनेशनल के 236 मैचों में 9,537 रन पूरे हो गए हैं। 10 हजार वनडे रन बनाने से रोहित 463 रन दूर हैं। भारत के लिए सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने के मामले में वह 6ठे नंबर पर हैं। उनसे ज्यादा रन महेंद्र सिंह धोनी, राहुल द्रविड़, सौरव गांगुली, विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर ने बनाए हैं।
13. गिल की शानदार शुरुआत
भारत के लिए वनडे खेलते हुए शुभमन गिल के 16 पारियों में 757 रन हो चुके हैं। इस तरह शुरुआती 16 वनडे पारियों में भारत के लिए उन्होंने सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड बना लिया। उनके बाद श्रेयस अय्यर ने 725 और नवजोत सिंह सिद्धु ने 655 रन बनाए। पूर्व कप्तान विराट कोहली ने भी इस दौरान 601 रन ही बनाए थे।
14. शुभमन गिल ने ये रिकॉर्ड भी बनाया
गिल श्रीलंका के खिलाफ 60 बॉल में 70 रन बनाकर आउट हुए। 2022 के बाद से बतौर ओपनर वनडे में उनका औसत सबसे ज्यादा है। उन्होंने 11 मैचों में 68.12 की औसत से 545 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 98.91 का रहा। गिल के बाद टॉप वनडे टीमों में पाकिस्तान के इमाम-उल-हक और ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर आते हैं। इमाम ने इस दौरान 64.5 की औसत 9 मैच में 516 रन बनाए। वहीं, वॉर्नर ने 13 मैच में 42.46 की औसत से 552 रन बनाए।
15. सिराज भारत के टॉप विकेट टेकर
2019 वनडे वर्ल्ड कप के बाद से पहले पावरप्ले में भारत के लिए सबसे ज्याद विकेट मोहम्मद सिराज ने लिए हैं। सिराज ने पहले से 10वें ओवर के बीच 18 विकेट लिए हैं। उनके बाद दीपक चाहर ने 8, जसप्रीत बुमराह ने 5 और भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट लिए हैं। ओवरऑल 17 वनडे इंटरनेशनल में सिराज ने 26 विकेट लिए हैं। श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे में उन्होंने 7 ओवर में 30 रन पर 2 विकेट लेकर अपना स्पेल खत्म किया।
16. उमरान ने फेंकी 156 किलोमीटर प्रति घंटे की बॉल
भारत के उमरान मलिक ने श्रीलंका के खिलाफ वनडे इंटरनेशनल में 156 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से बॉल फेंकी। इस बॉल के साथ ही उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में किसी भारतीय द्वारा सबसे तेज गति से फेंकी गई बॉल का रिकॉर्ड बनाया। इस मामले में उन्होंने खुद का ही रिकॉर्ड तोड़ा। इससे पहले श्रीलंका के खिलाफ टी-20 में उन्होंने 155 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से बॉल फेंकी थी। उमरान के नाम आईपीएल में 157 किलोमीटर की स्पीड से बॉल फेंकने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। उमरान ने अभी तक भारत के लिए टेस्ट डेब्यू नहीं किया है। श्रीलंका के खिलाफ उमरान ने 8 ओवर में 57 रन देकर 3 विकेट लिए।
17. भारत ने साउथ अफ्रीका की बराबरी की
भारत ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 50 ओवर में 373 रन बनाए। उनके लिए ओपनर रोहित शर्मा ने 67 बॉल पर 83, शुभमन गिल ने 60 बॉल पर 70, विराट कोहली ने 87 बॉल पर 113, श्रेयस अय्यर ने 24 बॉल पर 28, केएल राहुल ने 29 बॉल पर 39 और हार्दिक पंड्या ने 12 बॉल पर 14 रन बनाए। 10 से ज्यादा रन बनाने के दौरान भारत के टॉप-6 बैटर्स का स्ट्राइक रेट 110 से ज्यादा का था। वनडे इंटरनेशनल में ऐसा अब तक सिर्फ 2 बार ही हो सका। दोनों बार साउथ अफ्रीका ने ऐसा किया। टीम के टॉप-6 बैटर्स ने 2010 में जिम्बाब्वे और 2015 में भारत के खिलाफ 110 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे।

रिलेटेड पोस्ट्स