खेल संहिता का पालन करने वालों को ही मिलेगी आर्थिक मदद

साई ने खेल संघों को दैनिक यात्रा भत्ता, किट का पैसा देने से मना किया

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। अब केन्द्रीय खेल मंत्रालय और भारतीय खेल प्राधिकरण से उन्हीं खेल संगठनों को आर्थिक मदद मिलेगी जोकि खेल संहिता यानी स्पोर्ट्स कोड का पालन करेंगे। खेल संहिता का पालन न करने वाले खेल संगठनों को एक पाई की भी मदद नहीं मिलेगी। हम आपको बता दें कि मध्य प्रदेश में 30 जनवरी से 11 फरवरी के बीच होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लिए भी खेल संगठनों को आर्थिक मदद नहीं मिलेगी।

गौरतलब है कि खेल मंत्रालय ने सभी खेल संघों को बीते वर्ष 31 दिसम्बर तक मान्यता दी थी। नए वर्ष में अब तक किसी खेल संघ को मान्यता नहीं दी गई है। मान्यता नहीं होने पर किसी खेल संघ को आर्थिक मदद नहीं दी जा सकती है। मध्य प्रदेश में 30 जनवरी से होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लिए भी भारतीय खेल प्राधिकरण ने अदालत के आदेश का हवाला देकर खेल संघों को दैनिक यात्रा भत्ता, किट का पैसा देने से मना कर दिया है। बीते दिनों वुशू की टीम जूनियर विश्व चैम्पियनशिप में खेलने गई थी। उसे मंजूरी तो मिल गई, लेकिन कोई पैसा नहीं मिला। कुछ खेल संघों का कहना है कि उन्होंने खिलाड़ियों की जरूरतों के लिए उपकरण खरीदे हैं। उन पर पैसा देने का दबाव है, लेकिन उनके पास राशि नहीं है।

खेल मंत्रालय और भारतीय खेल प्राधिकरण की ओर से राष्ट्रीय खेल संघों की आर्थिक मदद रोक दी गई है। दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के पालन का हवाला देकर खेल मंत्रालय और  साई ने मदद रोकी है। आर्थिक सहायता बंद होने से खेल संघों में हड़कम्प मचा है। दरअसल राहुल मेहरा की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने नौ सितम्बर 2022 को आदेश में कहा है कि जो भी खेल संघ राष्ट्रीय खेल संहिता (स्पोर्ट्स कोड) का पालन नहीं करते हैं, उनकी सरकारी आर्थिक मदद नहीं हो। पहले साई खेल संघों की मदद करता रहा, लेकिन अब उसने इसे रोक दिया है। अब मंत्रालय अदालत में साल 2023 के मान्यता प्राप्त खेल संघों की सूची रखेगा। उसके बाद ही खेल संघों की आर्थिक मदद का रास्ता साफ होगा।

हाल ही सेपक टकरा की टीम अपने खर्च पर ढाका में हुई दक्षिण एशियाई चैम्पियनशिप में खेलने गई थी। वहां ज्यादातर खिलाड़ी ब्याज पर पैसा लेकर खेलने गए। सेपक टकरा संघ ने 25 से 31 दिसम्बर तक हुई इस चैम्पियनशिप में साई से मंजूरी और हवाई यात्रा का खर्च मांगा था, लेकिन जवाब नहीं मिला। चैम्पियनशिप में जकार्ता एशियाई खेलों में पदक विजेता खिलाड़ियों को जाना था, लेकिन अपने खर्च पर वे भी नहीं गए। नतीजतन 24 सदस्यीय जूनियर टीम ढाका भेजी गई। पूरी टीम अपने खर्च पर गई और चार स्वर्ण पदक जीते। ज्यादातर खिलाड़ी गरीब थे। उन्होंने ब्याज पर पैसा लिया। चैम्पियनशिप में दो स्वर्ण जीतने वाले बरेली के तरुण के पिता ने बेटे को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता खिलाने के लिए लोगों से उधार पैसा लिया है।

 

रिलेटेड पोस्ट्स