अब क्रिकेटप्रेमी आईपीएल में नहीं देख सकेंगे किरोन पोलार्ड के चौके-छक्के

मुंबई इंडियंस के लिए बल्लेबाजी प्रशिक्षक की भूमिका निभाएंगे
नई दिल्ली।
मुंबई इंडियंस के स्टार आलराउंडर किरोन पोलार्ड अब इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। उन्होंने इस टी20 लीग से अपने रिटायरमेंट की घोषणा कर दी है। पोलार्ड ने यह फैसला तब किया जब आईपीएल 2023 के लिए होने वाले मिनी आक्शन से पहले मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिटेन नहीं किया और रिलीज कर दिया। इसके बाद ही उन्होंने इस बात का ऐलान किया। 
ट्विटर पर लिखे एक संदेश के जरिए पोलार्ड ने इसका ऐलान किया साथ ही अपने रोल के बारे में भी खुलासा किया। मुंबई इंडियंस ने भी अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल के जरिए इसकी पुष्टि की। आईपीएल से रिटायर होने के बाद किरोन पोलार्ड अब आईपीएल 2023 में मुंबई टीम के साथ बतौर बल्लेबाजी कोच काम करेंगे। मुंबई की टीम पांच बार चैम्पियन बनी और इसमें किरोन पोलार्ड की भूमिका काफी अहम रही थी। उन्होंने न सिर्फ बल्लेबाजी बल्कि गेंदबाजी में भी इस टीम के लिए कमाल का प्रदर्शन किया था। पोलार्ड ने लिखा कि अगर में मुंबई के लिए नहीं खेल सकता तो मैं इस टीम के खिलाफ नहीं खेल पाऊंगा। 
किरोन पोलार्ड का आईपीएल क्रिकेट करियर बेहद शानदार रहा था और उन्होंने 189 मैचों में 171 पारियों में 3412 रन बनाए थे साथ ही उनका स्ट्राइक रेट 147.32 का रहा था। इस दौरान उन्होंने 16 अर्धशतक लगाए और उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 87 रन रहा। पोलार्ड ने आईपीएल में कुल 218 चौके व 223 छक्के जड़े जबकि 103 कैच उन्होंने पकड़े। वहीं उनकी गेंदबाजी की बात करें तो 189 मैचों की 107 पारियों में उन्होंने कुल 69 विकेट लिए और 44 रन देकर 4 विकेट उनका बेस्ट प्रदर्शन रहा। पोलार्ड इस टीम का हिस्सा 2010 से लेकर 2022 तक रहे और इस दौरान टीम पांच बार चैम्पियन बनी। 

रिलेटेड पोस्ट्स