अर्शदीप मामले में सरकार ने विकिपीडिया को लिया आड़े हाथ

पाक की हरकतः कैच छूटने पर अर्शदीप का नाम खालिस्तानी आंदोलन से जोड़ा
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारत सरकार ने क्रिकेटर अर्शदीप सिंह के पेज पर झूठी जानकारी प्रकाशित करने के लिए सोमवार को विकिपीडिया को आड़े हाथों लिया। सिंह के पेज में उनके बारे में प्रदर्शित सूचनाओं को बदल दिया गया था और उनका संबंध अलगाववादी खालिस्तानी आंदोलन से कर दिया गया।
सरकार ने कहा कि इस तरह की भड़काऊ चीज़ों की इजाजत नहीं दी जा सकती। सिंह ने दुबई में रविवार को भारत-पाकिस्तान के बीच हुए सुपर4 एशिया कप के रोमांचक मैच में एक अहम कैच छोड़ दिया था जिसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर तीखे हमलों का सामना करना पड़ रहा है। कैच छोड़ने के बाद उनके विकिपीडिया पेज पर उनसे संबंधित जानकारी को बदल दिया गया और उनका संबंध अलगाववादी खालिस्तानी आंदोलन से बताया गया। 
सूचना एवं प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने ट्विटर पर ऐसे कदमों की आलोचना की। उन्होंने कहा, ‘भारत में संचालित होने वाले किसी भी इन्टरमीडियरी (मध्यस्थ) को इस प्रकार की गलत सूचना फैलाने और भड़काने और उपयोगकर्ता को नुकसान पहुंचाने के लिए जानबूझकर किए गए प्रयासों की अनुमति नहीं दी जा सकती जो हमारी सरकार की सुरक्षित और विश्वसनीय इंटरनेट की अपेक्षाओं का उल्लंघन करता है।’ यह भी कहा गया था कि इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय ने इसी झूठी जानकारी पर सफाई मांगने के लिए विकिपीडिया के अधिकारियों को तलब किया था लेकिन मंत्रालय के अधिकारियों ने इस तरह के किसी भी कदम से इनकार किया।
संपादन के इतिहास के मुताबिक, क्रिकेटर के विकिपीडिया पेज पर, एक अपंजीकृत उपयोगकर्ता ने कई जगह, ‘भारत’ के स्थान पर ‘खालिस्तान’ कर दिया और उनका नाम बदलकर ‘मेजर अर्शदीप सिंह बाजवा’ कर दिया। मगर विकिपीडिया के संपादकों ने 15 मिनट के अंदर ही इन बदलावों को दुरुस्त कर दिया।माना जाता है कि क्रिकेटर के पेज पर यह बदलाव पाकिस्तान से किए गए थे। बड़े सोशल मीडिया मंचों ने उनके मंच पर प्रसारित होने वाले नफरती भाषणों, गलत सूचनाओं, और फर्जी खबरों को रोकने के लिए कुछ नहीं किया है।

 

रिलेटेड पोस्ट्स