दीपक पूनिया ने पहली बार जीता स्वर्ण

पाकिस्तान के पहलवान को फाइनल में पटका
बर्मिंघम।
पहलवान दीपक पूनिया ने भारत को कुश्ती में चौथा स्वर्ण दिलाया है। उन्होंने 86 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल में पाकिस्तान के मोहम्मद इनाम को 3-0 से हरा दिया। इस तरह दीपक ने स्वर्ण पर कब्जा जमाया। यह राष्ट्रमंडल खेलों में दीपक का पहला पदक है और उन्होंने सीधे स्वर्ण के साथ शुरुआत की है।
दीपक ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों की शुरुआत धमाकेदार अंदाज की थी। पहले मैच में दीपक ने न्यूजीलैंड के मैथ्यू ओक्सेनहैम को तकनीकी दक्षता के आधार पर 10-0 से हराया था। यह मैच दीपक ने 3 मिनट 22 सेकेंड में जीता था। इसके बाद दूसरे मैच यानी क्वार्टर फाइनल में दीपक ने सिएरा लियोने के शेखू कासेगबामा को भी तकनीकी दक्षता के आधार पर 10-0 से हराया। यह मैच दीपक ने 1 मिनट 33 सेकेंड में अपने नाम किया। कुश्ती में 86 किलोग्राम भारवर्ग के सेमीफाइनल में कनाडा के अलेक्जेंडर मूर को पॉइंट्स के आधार पर 3-1 से हराया। यह मैच पूरे छह मिनट तक चला। 
फाइनल में पाकिस्तानी पहलवान को किया चित
फाइनल में दीपक का सामना पाकिस्तान के मोहम्मद इनाम से था। इनाम ने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के एडवर्ड लेसिंग को 5-3 से हराया था। ऐसे में मुकाबला दिलचस्प होने की उम्मीद थी। हालांकि, भारतीय पहलवान दीपक पूनिया के आगे पाकिस्तानी पहलवान की एक न चली। दीपक ने मैच 3-0 से पॉइंट्स के आधार पर जीत लिया।
दीपक पूनिया की उपलब्धियां
दीपक पूनिया ने राष्ट्रमंडल खेलों (2022) में स्वर्ण के अलावा वर्ल्ड चैंपियनशिप 2019 में रजत पदक जीता था। वर्ल्ड जूनियर रेसलिंग चैंपियनशिप में उन्होंने 2018 में रजत और 2019 में स्वर्ण हासिल किया था। एशियन चैंपियनशिप में दीपक के नाम दो रजत और दो कांस्य हैं। टोक्यो ओलंपिक में दीपक कांस्य पदक से चूक गए थे। उन्हें आखिरी 30 सेकेंड में सैन मारिनो के माइल्स अमीने ने हरा दिया था।

 

रिलेटेड पोस्ट्स