हॉकी में अच्छी टीमों के खिलाफ फिसड्डी खेल

इंग्लैंड ने भारत को दी 3-1 से शिकस्त
वंदना ही कर सकीं सिर्फ एक गोल
बर्मिंघम।
राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय महिला हॉकी टीम को पहली हार का सामना करना पड़ा है। अपने तीसरे मुकाबले में सविता पूनिया की कप्तानी वाली टीम इंग्लैंड के खिलाफ 1-3 से हार गई। भारत के लिए मैच में इकलौता गोल वंदना कटारिया ने 60वें मिनट में किया। वहीं, इंग्लैंड के लिए पहला गोल जिसेल एंसली और दूसरा गोल टेस होवार्ड ने किया। हन्ना मार्टिन ने टीम के लिए तीसरा गोल किया। भारत ने इससे पहले घाना को 5-0 से और वेल्स को 3-1 से हराया था। भारत का चौथा मुकाबला कनाडा से तीन अगस्त को होगा। टीम इंडिया इस हार के बाद तीसरे स्थान पर चली गई। उसके तीन मैच में छह अंक हैं वहीं, इंग्लैंड शीर्ष पर पहुंच गया है। उसके तीन मैच में नौ अंक हैं। कनाडा दूसरे पायदान पर काबिज है।
भारत के पास टोक्यो ओलम्पिक में इंग्लैंड से मिली हार का बदला लेने का मौका था, लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाई। 2018 गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में भी भारतीय टीम कांस्य पदक के मुकाबले में इंग्लैंड से 0-6 से हार गई थी। हाल ही में हुए विश्वकप में इंग्लैंड ने भारत से 1-1 से ड्रॉ खेला था। 
चौथा क्वार्टर- इंग्लैंड ने चौथे क्वार्टर में मैच का तीसरा गोल किया। उसने मुकाबले में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। भारतीय टीम धीरे-धीरे हार के करीब बढ़ रही है। वंदना कटारिया ने 60वें मिनट में गोल किया।
तीसरा क्वार्टर- इंग्लैंड ने इस क्वार्टर में एक और गोल किया। उसने मैच में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है। 40वें मिनट में टेस होवार्ड ने गोल किया।
दूसरा क्वार्टर- दूसरे क्वार्टर में एक भी गोल नहीं हुआ। भारत ने गोल करने के सात प्रयास किए। इसमें एक पेनल्टी कॉर्नर भी शामिल है। इसके बावजूद टीम इंडिया एक भी गोल नहीं कर सकी।
पहला क्वार्टर- जिसेल एंसली ने मैच के तीसरे मिनट में गोल कर इंग्लैंड को 1-0 से आगे कर दिया। उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किया। भारत ने इस गोल के खिलाफ अपील की, लेकिन उसे खारिज कर दिया गया।

रिलेटेड पोस्ट्स