भारतीय मुक्केबाज पूजा रानी की विजयी शुरुआत

आईबीए महिला विश्व कप मुक्केबाजी चैम्पियनशिप
ओलम्पिक कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन का अभियान समाप्त
खेलपथ संवाद
इस्तांबुल।
दो बार की एशियाई चैम्पियन पूजा रानी ने आईबीए महिला विश्व कप मुक्केबाजी चैम्पियनशिप के 12वें संस्करण में 81 किलोग्राम कैटेगरी में शुक्रवार को इस्तांबुल में हंगरी की टिमिया नेगी को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली है। जहां सोमवार को उसका मुकाबला क्वार्टर फाइनल में ऑस्ट्रेलिया की जेसिका बागले से होगा।
पूजा रानी जो टोक्यो ओलम्पिक के बाद से अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेल रही हैं, शुक्रवार को महिला विश्व मुक्केबाजी चैम्पियनशिप के प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में हंगरी की टिमिया नेगी को परास्त किया। पूजा शुरू से ही आक्रामक थीं और रिंग में तेजी से आगे बढ़ते हुए सटीक मुक्के मार रही थीं। वह पूरे बाउट में पूरी तरह से नियंत्रण में दिखीं और अगले दौर में जाने के लिए 5-0 से जीत दर्ज की। अब भिवानी की इस मुक्केबाज का सामना सोमवार को क्वार्टर फाइनल में आस्ट्रेलिया की जेसिका बागले से होगा।
दूसरी ओर टोक्यो ओलम्पिक की कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन का अभियान आईबीए विश्व चैम्पियनशिप के 70 किलोग्राम वर्ग में शुक्रवार को प्री-क्वार्टर फाइनल में ‘फेयर चांस टीम’ की सिंडी एनगाम्बा से 1-4 से हार के साथ समाप्त हो गया। आईबीए विश्व चैम्पियनशिप 2022 में भारत की ओर से अब 2017 विश्व युवा चैम्पियन नीतू (48 किलोग्राम) और 2019 एशियाई चैम्पियनशिप की कांस्य पदक विजेता मनीषा (57 किलोग्राम) शनिवार को अपने-अपने प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेलेंगी। क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए नीतू का सामना स्पेन की लोपेज डेल अर्बोल से जबकि मनीषा का सामना बुल्गारिया की स्वेतलाना स्टेनेवा से होगा। वर्ल्ड चैम्पियनशिप में भारत का जलवा बरकरार है। इससे पहले 2019 में रूस में आयोजित आईबीए महिला विश्व मुक्केबाजी चैम्पियनशिप के पिछले संस्करण में, भारतीयों ने एक रजत और तीन कांस्य पदक जीते थे। इसके अलावा भारत ने अब तक इस सीरीज में 9 गोल्ड, 8 सिल्वर और 19 कांस्य सहित 36 पदक जीते हैं, जो रूस (60) और चीन (50) के बाद तीसरे सबसे अधिक पदक हैं। अब देखना होगा कि वर्ल्ड चम्पियनशिप के 12वें सीजन में भारत क्या कमाल करता है?

रिलेटेड पोस्ट्स