एशिया कप से बाहर हुए रूपिंदर पाल सिंह

कलाई की चोट बनी कारण, बीरेंद्र लाकड़ा करेंगे नेतृत्व
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम को शुक्रवार को बड़ा झटका लगा, जब टीम के कप्तान रूपिंदर पाल सिंह कलाई की चोट के कारण आगामी एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट से बाहर हो गए। हॉकी इंडिया की ओर से जारी बयान के अनुसार ड्रैग फ्लिकर रूपिंदर अभ्यास सत्र के दौरान चोटिल हो गए, जिससे वह इंडोनेशिया के जकार्ता में 23 मई से शुरू होने वाले हॉकी टूर्नामेंट से हट गए।
टूर्नामेंट में उनकी जगह नीलम संजीव जेस लेंगे वहीं अनुभवी डिफेंडर बीरेंद्र लाकड़ा कप्तान के रूप में टीम का नेतृत्व करेंगे, जबकि स्ट्राइकर एसवी सुनील को उपकप्तान बनाया गया। कोच बीजे करियप्पा ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि रूपिंदर अभ्यास सत्र के दौरान चोटिल हो गए।
करियप्पा ने कहा- ओलम्पिक के हीरो रूपिंदर एशिया कप का हिस्सा नहीं होंगे। हमें उसकी कमी खलेगी। बीरेंद्र और सुनील काफी अनुभवी हैं और कई वर्षों से नेतृत्व समूह का हिस्सा हैं। हमारे पास पूल में काफी विकल्प उपलब्ध है। हमारे पास खिलाड़ियों का एक बहुत प्रभावशाली समूह है। एशिया कप में भारत को जापान, पाकिस्तान और मेजबान इंडोनेशिया के साथ पूल ए में रखा गया है जबकि मलयेशिया, कोरिया, ओमान और बांग्लादेश पूल बी में हैं। टीम में 10 खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्होंने सीनियर टीम में पदार्पण किया है।

रिलेटेड पोस्ट्स